Home > राज्यो से ,
मध्य प्रदेश में महिलाओं के लिए अलग से वचन पत्र तैयार कर रही कांग्रेस
विधान सभा चुनाव के लिए मप्र कांग्रेस पहली बार महिलाओं के लिए अलग से वचन पत्र तैयार कर रही है। वचन पत्र में महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह देने, पांच सौ रुपये में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के वचन के साथ परिवार पर महंगाई का बोझ कम करने के लिए तीन सौ रुपये में तीन सौ यूनिट बिजली देने और स्वरोजगार के लिए अलग से योजना लागू किए जाने की घोषणा भी होगी। इसे प्रियंका गांधी वाड्रा से मई-जून में प्रस्तावित महिला रैली में जारी कराया जाएगा। इसके लिए उनसे समय मांगा गया है। बता दें कि प्रदेश कांग्रेस ने वर्ष 2018 के चुनाव में भी वचन पत्र जारी किया था, जिसमें महिलाओं के लिए कई प्रविधान रखे थे। इस बार महिलाओं के लिए अलग से वचन पत्र जारी करना तय किया गया है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में गठित समिति ने इसका प्रारूप तैयार कर लिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के साथ प्रारंभिक चर्चा भी हो चुकी है। इसमें महिलाओं को स्वरोजगार करने पर ब्याज मुक्त ऋण, रिक्त पदों पर प्राथमिकता के आधार पर भर्ती, स्व-सहायता समूहों को शासकीय योजनाओं के अधिक से अधिक काम देने सहित अन्य प्रविधान किए जा रहे हैं।वचन पत्र की बातों को महिलाओं तक पहुंचाने की जिम्मेदारी महिला कांग्रेस को दी जाएगी। पार्टी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा कि 50 प्रतिशत आबादी बहनों की है। उन्हें सम्मान और अधिकार प्राप्त हों, इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ नए तेवर के साथ चुनाव मैदान में उतरना चाह रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष स्वयं इसकी तैयारी कर रहे हैं।प्रदेश में एक जनवरी 2023 की स्थिति में कुल पांच करोड़ 39 लाख 87 हजार 876 मतदाता हैं। इनमें दो करोड़ 60 लाख 23 हजार 733 महिला मतदाता हैं। 230 सदस्यीय विधानसभा में से डिंडौरी, बिछिया, निवास, मंडला, बैहर, परसवाड़ा, बालाघाट, वारासिवनी, बरघाट, पानसेमल, आलीराजपुर, झाबुआ, पेटलावद, सरदारपुर, कुक्षी, थांदला विधानसभा क्षेत्र में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। विधानसभा में अभी 21 महिला विधायक हैं, जिनमें भाजपा की 14, कांगेस की छह और बसपा की एक हैं।