विजयवर्गीय बोले- कब क्या निर्णय लें, इस बारे में या तो भगवान जानते हैं या स्वयं नारायण
मैहर से बीजेपी विधायक नारायण त्रिपाठी ने अपनी नई पार्टी VJP (विंध्य जनता पार्टी) का एलान कर दिया। इस पर बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, नारायण कब क्या निर्णय लें, इस बारे में या तो भगवान जानते हैं या स्वयं नारायण। नारायण हमारे मित्र हैं। अगर वे प्रत्याशी उतारते हैं तो तब की तब देखी जाएगी। रणनीति भी तभी तय की जाएगी। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जहां तक विंध्य प्रदेश की बात है तो इस बारे में हमारी पार्टी में कोई चर्चा नहीं हुई है। विंध्य क्षेत्र की सर्वाधिक सीटों पर बीजेपी की जीत होगी। बता दें कि विजयवर्गीय मंगलवार को सतना जिले के दौरे पर हैं। उन्होंने मैहर में माता शारदा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मप्र सरकार अच्छे काम कर रही है। बीजेपी ने जनता का विश्वास जीता है। पूरे देश में मोदी के नेतृत्व में विकास की लहर साफ दिखाई देती है। बीजेपी के कार्यों से जनता में विश्वास और कार्यकर्ताओं में उत्साह है।