मूल्यांकन केंद्र से गायब 338 शिक्षकों को नोटिस
भाेपाल। मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल(माशिमं) की 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए राजधानी के माडल स्कूल टीटी नगर में बने मूल्यांकन केंद्र में अधिकारियों ने रविवार को औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान सिर्फ साढ़े सात प्रतिशत यानि 28 शिक्षक ही उत्तरपुस्तिका का मूल्यांकन करते मिलें ।मूल्यांकन केंद्र में अनुपस्थित 338 शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया है।मंडल की 10वीं व 12वीं परीक्षा समाप्त हो चुकी है। मूल्यांकन का दूसरा चरण शनिवार से हुआ है।मंडल ने प्रदेश भर में उत्तरपुस्तिकाअों को जांचने का लक्ष्य छह मई तक रखा है।जिससे समय पर परीक्षा परिणाम घोषित किया जा सके, लेकिन सरकारी स्कूल के शिक्षक इस बार उत्तरपुस्तिकाएं जांचने में रूचि नहीं ले रहे है। माशिमं को मई के अंतिम सप्ताह में रिजल्ट घोषित करना है।रविवार को राजधानी के माडल स्कूल टीटी नगर मूल्यांकन केंद्र का संभागीय संयुक्त संचालक अरविंद चोरगढ़े ने औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के समय जिला शिक्षा अधिकारी नितिन सक्सेना एवं योजना अधिकारी मुकेश शर्मा उपस्थित थे।मूल्यांकन केंद्र पर सरकारी स्कूलों के कुल 366 शिक्षकों को उपस्थित होना था, लेकिन सिर्फ 28 शिक्षक ही उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन करते मिले।जेडी ने मूल्यांकन कर्ताओं की कम उपस्थिति पर गंभीर असंतोष व्यक्त करते हुए डीईओ ने निर्देशित किया कि अनुपस्थित शिक्षकों को तत्काल कारण बताओ सूचना पत्र जारी करें। यदि प्राचार्य द्वारा उन्हें कार्यमुक्त नही किया गया है, तो उनके विरुद्ध भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी करें।सोमवार को भी यदि सभी शिक्षक उपस्थित नहीं होते, तो उनके विरुद्ध अत्यावश्यक सेवा अधिनियम के तहत कार्यवाही की जाएगी।सरकारी स्कूलों के साथ मूल्यांकन केंद्र पर निजी स्कूलों के शिक्षकों की ड्यूटी भी मूल्यांकन के लिए लगाई गई है।निजी स्कूलों के 64 शिक्षकों में से सभी शिक्षक मूल्यांकन केंद्र पर उपस्थित मिले।