Home > राज्यो से ,
नरोत्तम ट्विटर के, तो प्रभु फेसबुक के टॉपर

इस साल मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टियों के लिए सोशल मीडिया बड़ा हथियार होगा। भाजपा तो टिकट के दावेदारों की सोशल मीडिया पर सक्रियता भी देखेगी। भाजपा युवा मोर्चा के एक कार्यक्रम में बीजेपी के प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव ने टिकट की दावेदारी करने वाले कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि कई ऐसे लोग भी टिकट मांगने आते हैं जिनकी सोशल मीडिया पर सक्रियता ही नहीं है। इसके बाद पार्टी के नेता एकाएक एक्टिव हो गए हैं। दैनिक भास्कर ने प्रदेश के मंत्रियों और नेताओं की सोशल मीडिया प्रोफाइल खंगाली। देखा कि शिवराज मंत्रिमंडल और संगठन में सोशल मीडिया पर कौन कितना मजबूत है?

पहले जान लेते हैं एमपी बीजेपी में किसकी सोशल प्रोफाइल सबसे मजबूत

शिवराज सिंह चौहान- एमपी में सबसे लंबे समय से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के फेसबुक पर 49 लाख फॉलोअर्स हैं। ट्विटर पर 89 लाख फॉलोअर्स हैं। शिवराज के निजी स्टाफ द्वारा संचालित ट्विटर अकाउंट ऑफिस ऑफ शिवराज (officeofssc) पर 16 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। फेसबुक पर जनजातीय कार्य मंत्री मीना सिंह सबसे पीछे हैं, उनके फेसबुक पर मात्र 1900 फॉलोअर हैं।

फेसबुक पर सिंधिया के प्रभु सबसे पॉपुलर, मीना सबसे पीछे

फेसबुक सोशल कनेक्टिविटी का मेन प्लेटफॉर्म है। शिवराज मंत्रिमंडल की बात करें तो इस प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा 2.83 लाख फॉलोअर्स सिंधिया समर्थक डॉ. प्रभुराम चौधरी के हैं। दूसरे नंबर पर जल संसाधन मंत्री तुलसी राम सिलावट के 2.55 लाख फॉलोअर्स हैं। वहीं पशुपालन मंत्री प्रेमसिंह पटेल के 15 हजार, आयुष मंत्री रामकिशोर कांवरे के 17,000 फॉलोअर हैं।

ट्विटर पर नरोत्तम की फॉलोइंग टॉप पर

शिवराज कैबिनेट में शामिल मंत्रियों में गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा के ट्विटर पर सबसे ज्यादा फॉलोअर्स हैं। ट्विटर पर नरोत्तम मिश्रा को 6.88 लाख लोग फॉलो करते हैं। नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेन्द्र सिंह के 4.37 लाख फॉलोअर हैं। वहीं पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री सुरेश धाकड के सबसे कम मात्र 1264 फॉलोअर हैं।गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा सोशल मीडिया पर डेली एक्टिव रहते हैं। नरोत्तम रोज अपने मीडिया ब्रीफ के अलावा अपने राजनीतिक दौरों से संबंधित हर चीज ट्वीट करते रहते हैं। नरोत्तम ने सोशल मीडिया मैनेजमेंट के लिए एक कंपनी को हायर किया है, वही नरोत्तम के सोशल मीडिया अकाउंट्स को हैंडल करती है। नरोत्तम की टीम सीएम और पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व के दिशा निर्देशों, कांग्रेस और विपक्षी दलों द्वारा दिए गए बयानों को लेकर अपडेट्स देती रहती है। विपक्षी दलों खासकर कांग्रेस पर हमला बोलने में नरोत्तम का त्वरित रिएक्शन आता है। नरोत्तम का फेसबुक और ट्विटर अकाउंट वेरिफाइड (ब्लू टिक वाला) है।

एमपी के स्वास्थ्य मंत्री और ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी कैबिनेट मंत्रियों में प्रभुराम चौधरी फेसबुक पर सबसे ज्यादा फॉलोअर्स वाले मंत्री हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर क्षेत्र के दौरे, पार्टी और विभागीय बैठकों की जानकारी शेयर होती है। इसके अलावा रोजाना पड़ने वाली महापुरुषों की जयंती, पुण्यतिथि को भी उनकी टीम सोशल मीडिया पर शेयर करती है।

प्रभुराम ने भी सोशल मीडिया मैनेजमेंट के लिए एक निजी कंपनी और कुछ कर्मचारी तैनात कर रखे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम शिवराज सिंह चौहान के ट्वीट्स को रिट्वीट करने के साथ ही ज्योतिरादित्य सिंधिया के बयानों और दौरों को भी प्रभुराम रिट्वीट करते हैं। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, नई जानकारियों के अलावा सांची और रायसेन जिले में होने वाले दौरों को वे सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं। क्या कंटेंट ट्वीट किया जाना है। ये मंत्री से सहमति लेकर उनके निजी स्टाफ के लोग शेयर करते है

Share This News :