शिवराज बोले- वोटों की भूख में पागल हो गए कमलनाथ, पूर्व सीएम का पलटवार-यह सड़क छाप गुंडों की भाषा
मध्यप्रदेश की राजनीति बयानों से गरमा गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ पर आरोप लगाया कि वोटों की भूख में पागल होकर मध्यप्रदेश को अशांति और वैमनस्य की खाई में धकेल रहे हैं। इस पर पलटवार करते हुए कमलनाथ ने शिवराज की भाषा पर ही सवाल उठा दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सड़क छाप गुंडों की भाषा बोल रहे हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मुझे तो आश्चर्य होता है कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता, पूर्व मुख्यमंत्री जब 2018 में मुख्यमंत्री नहीं थे, तो चुनाव के पहले से कह रहे थे। जोर-जोर से कह रहे थे कि मुसलमानों के पोलिंग बूथ पर 90% वोट क्यों नहीं डलते, वोट डलवाओ नहीं तो नुकसान हो जाएगा। उस समय का वीडियो दुनिया ने देखा है कि वो केवल वोटबैंक मानकर के काम करते हैं। क्या वोट के लिए लोगों को भड़काया जाएगा, धर्मों में और जातियों में? अभी परसों की घटना है कमलनाथ रोजा इफ्तार के समय फिर कह रहे हैं इस साल दंगे भड़क रहे हैं प्रदेश में... अरे कहां मध्यप्रदेश में दंगे भड़क रहे हैं? कहां मध्यप्रदेश में अशांति है? लेकिन वोटों की भूख में आप इतने पागल हो गए हैं कि आप मध्यप्रदेश को अशांति और वैमनस्य की खाई में झोंकना चाहते हैं? क्या आप मन ही मन कामना करते हैं कि दंगे भड़क जाएं?
मध्यप्रदेश शांति का टापू है
शिवराज ने कहा कि अपना मध्य प्रदेश शांति का टापू है। प्रेम, स्नेह और सद्भाव के साथ मध्य प्रदेश की जनता रहती है। आपने देखा रामनवमी हो या हनुमान जयंती हो, पूरे प्रदेश में न केवल शांति बल्कि सौहार्द और सद्भाव के साथ मनाई गई लेकिन कांग्रेस को ये रास नहीं आ रहा है। कांग्रेस चाहती है कि मध्यप्रदेश शांति का टापू न रहे, यहां दंगे-फसाद हों। पूर्व मुख्यमंत्री तो कोविड में शवों को देखकर प्रसन्न होते थे, लाशों को देखकर आनंदित होते थे। ये राजनीति की स्तरहीनता मध्यप्रदेश का भला नहीं करेगी। हमने देखा रामनवमी पर भी, हनुमान जयंती पर भी हमारे मुस्लिम भाइयों ने भी कई जगहों पर पुष्पों की वर्षा की। ये सद्भाव आपको ठीक नहीं लग रहा? लेकिन आप कुछ भी कर लें मध्यप्रदेश को दंगों की आग में हम झोंकने नहीं देंगे। अमन-चैन यहां कायम रहेगा।