कक्षा 8 वीं बोर्ड परीक्षा का संस्कृत विषय का पर्चा निरस्त, गोपनीयता भंग होने पर निर्णय
आठवीं बोर्ड परीक्षा में एक अप्रैल को हुआ संस्कृत विषय का प्रश्न पत्र निरस्त कर दिया गया है। राज्य शिक्षा केंद्र ने इसकी वजह गोपनीयता भंग होना बताया है। असल में परीक्षा के एक दिन पहले शुक्रवार को उक्त प्रश्न पत्र से मिलता-जुलता प्रश्न पत्र इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया था। तब तो अधिकारियों ने उसे लीक होना नहीं माना और न ही अभी मान रहे हैं।
राज्य शिक्षा केंद्र की ओर से रविवार को जारी आदेश में गोपनीयता भंग कैसे हुई? इसकी जानकारी नहीं दे रहे हैं। अब कहा जा रहा है कि जल्द ही परीक्षा की नई तारीख की घोषणा की जाएगी।
आठवीं में संस्कृत का प्रश्न पत्र लीक होने के बाद इसी कक्षा के गणित विषय का प्रश्न पत्र भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया है। इसे लेकर अधिकारी पुष्टि नहीं कर रहे हैं। बता दें मप्र माशिमं की 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के कुछ विषयों के प्रश्न पत्र लीक होने के मामले सामने आए थे, लेकिन अब तक इनमें से किसी भी विषय के प्रश्न पत्र की परीक्षा निरस्त नहीं की गई है।
इनका कहना है
-संस्कृत के पेपर की गोपनीयता भंग करने वालों की जांच की जा रही है। अभी फिलहाल किसी पर कार्रवाई नहीं की गई है।
धनराजू एस, संचालक राज्य शिक्षा केंद्र