भगवामय हुआ कांग्रेस का दफ्तर
एमपी की सत्ता में वापसी के लिए कांग्रेस इस बार बीजेपी के हिन्दुत्व कार्ड का मुकाबला उसी की रणनीति के हिसाब से करने की तैयारी कर रही है। एमपी कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ कई मर्तबा यह कह चुके हैं कि कांग्रेस का मुकाबला बीजेपी से नहीं बल्कि उसके संगठन से है। कमलनाथ के इस बयान का असर कांग्रेस में भी नजर आता दिख रहा है।
आज मप्र कांग्रेस कमेटी (PCC) कार्यालय पूरी तरह भगवा रंग में रंगा नजर आ रहा है। आज कांग्रेस कार्यालय में धर्म संवाद का कार्यक्रम रखा गया है। इस संवाद में प्रदेश भर के मठ मंदिरों के पुजारी, धर्माचार्य शामिल होंगे। इस संवाद में कमलनाथ भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के पहले पूरे पीसीसी कार्यालय में भगवा रंग के झंडे लगाए गए हैं।
मठ मंदिरों के सरकारी करण का विरोध
आज पीसीसी में होने वाले धर्म संवाद में मप्र के मठ, मंदिरों के सरकारीकरण को लेकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। इसके साथ ही मंदिरों पर सरकारी अफसरों द्वारा लगाई जा रही बंदिशों को रोकने के लिए भी रणनीति पर चर्चा होगी। पिछले कई सालों से साधु, संत, पुजारी मंदिरों और धार्मिक क्षेत्रों के सरकारी करण का विरोध कर रहे हैं। मप्र कांग्रेस पुजारी प्रकोष्ठ की ओर से पीसीसी में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें प्रदेश भर से पुजारी, मठों के महंत, संत बुलाए गए हैं।
शिवराज सरकार में पुजारी परेशान
कांग्रेस कार्यालय पर भगवा लगाने के सवाल पर मंदिर प्रकोष्ठ की युवा इकाई के अध्यक्ष सुधीर भारती कहते हैं कि- पीसीसी पर भगवा क्यों नहीं लगाया जा सकता। हम भी हिन्दू हैं। हमारा भी धर्म पर अधिकार है। धर्म पर किसी ने कॉपीराइट नहीं करा रखा है। मंदिर के पुजारी शिवराज सरकार में परेशान हैं। मंदिरों पर कब्जा किया जा रहा है। मंदिरों से लगी जमीनों पर कब्जा किया जा रहा है। वहां समितियां बनाकर तथाकथित धार्मिक संगठन उनपर कब्जा कर रहे हैं। मंदिरों की जमीन कलेक्टरों द्वारा नीलाम कराई जा रही है।