अनजान घायलों के मददगार बने मंत्री
ग्वालियर में शिवराज सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार भारत सिंह कुशवाह की दरियादिली ने कुछ लोगों की जान बचा ली है। सड़क पर एक ऑटो पलट जाने से उसमें सवार एक दंपति, और अन्य लोग घायल पड़े हुए कराह रहे थे। इसी समय मंत्री कुशवाह का काफिला वहां से निकला। राज्यमंत्री कुशवाह ने बिना देर किए अपनी गाड़ी रुकवाई और घायलों की मदद की।
तत्काल घायलों को सड़क से उठवाया और अपने काफिले के वाहनों से उन्हें अस्पताल पहुंचवाया। समय रहते अस्पताल पहुंचाने से सभी घायल सुरक्षित हैं। सही समय पर राज्यमंत्री भारत सिंह द्वारा मददगार बनने से घायलों की जान बच गई है।
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार भारत सिंह कुशवाह शनिवार को शहर के वार्ड 62 व 63 के अंतर्गत सूरों सहित अन्य गांव में विकास कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिये भ्रमण पर निकले थे। राज्यमंत्री कुशवाह जब अपने काफिले के साथ मुरार छावनी क्षेत्र से होकर गुजर रहे थे, उसी दौरान उन्हें बाज टॉकीज के समीप ऑटो पलटा दिखाई दिया। साथ ही उसके समीप कुछ घायल लोग कराह रहे थे। उन्होंने तुरंत अपने वाहन को रूकवाया और घायलों को ढांढस बंधाने पहुँच गए। राज्यमंत्री ने अपने फॉलो वाहन में सहयोगी स्टाफ एवं पुलिस की मदद से सभी घायलों को बिठाया और उन्हें अस्पताल तक पहुँचाया। राज्यमंत्री ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज किया जाए।
बिजौली जा रहे थे लोग, ऑटो पलटा हुए घायल
- जैसा पता लगा है कि मुरार के बारादरी चौराहा से ऑटो बुक कर कुछ लोग बिजौली के एक कॉलेज के लिए निकले थे। बाज टॉकीज के पास एक गड्ढे में ऑटो का पहिया पड़ते ही ऑटो पलट गया। जिसमें एक दंपति सवार था वह घायल हो गया। एक अन्य युवक दिनेश कुमार भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि राज्यमंत्री अपने वाहन नहीं रोकते और घायलों को फॉलो वाहनों से अस्पताल नहीं पहुंचाते तो किसी की जान भी जा सकते हैं।
यह हुए हैं घायल
जिन घायलों की राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार ने मदद की है उन घायलों की पहचान 75 वर्षीय कप्तान सिंह पुत्र दयाराम निवासी खुरैरी, मुकेश और अरुष, पुत्र वीरेन्द्र कुमार, 65 वर्षीय आशा जोशी निवासी खुरैरी बड़ागांव, इनके पैर में गंभीर चोट है। इनके अलावा भी दो अन्य घायल है।