1 अप्रैल से बदलेंगे म्यूचुअल फंड, आयकर, LPG, Gold के नियम, आप पर यह होगा असर
एक अप्रैल से नया वित्त वर्ष 2023-24 शुरू होने जा रहा है। इसके साथ ही आम आदमी से जुड़े कई सरकारी नियमों में बदलाव हो जाएगा। सबसे ज्यादा नजरें रहेंगी एलपीजी के घरेलू व व्यवसायिक सिलेंडर के दामों पर जो कि मौजूदा दौर में महंगे हैं। जनता को उम्मीद है कि इनके दामों में कटौती होगी। एक अप्रैल से वित्त, निवेश से लेकर टैक्स से जुड़े नियमों में कई बदलाव होने जा रहे हैं। इसमें आयकर, म्यूचुअल फंड में निवेश, टीडीएस और फ्यूचर एंड आप्शंस में ट्रेडिग पर लगने वाले टैक्स से जुड़े नियमों में बदलाव प्रमुख हैं। जानिये कि आप पर इसका क्या असर होगा।
वरिष्ठ नागरिक बचत योजना में अब 15 लाख के स्थान पर एक वर्ष में 30 लाख रुपये तक निवेश किया जा सकेगा। इसी तरह पोस्ट आफिस मासिक योजना में एक वर्ष में 4.5 लाख के स्थान पर नौ लाख रुपये तक का निवेश किया जा सकेगा।
महंगी होंगी नई गाड़ियां
एक अप्रैल से बीएस-6 के दूसरे चरण के तहत नए उत्सर्जन लागू होने जा रहे हैं। इससे गाड़ियों की लागत में भी बढ़ोतरी होगी। कंपनियों ने लागत में होने वाली बढ़ोतरी का बोझ ग्राहकों पर डालने का फैसला किया है। मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, होंडा, किआ, हीरो मोटोकार्प समेत कई कंपनियों अपने वाहनों के मूल्य में वृद्धि की घोषणा कर चुकी हैं।
सोने की खरीदारी पर हालमार्क
एक अप्रैल से सोने की ज्वेलरी की बिक्री पर छह अंकों वाला हालमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन (एचयूआइडी) अनिवार्य होगा। इससे ज्वेलरी की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सकेगी। इस एचयूआइडी से भारतीय मानक ब्यूरो (बीआइएस) की वेबसाइट के जरिये ज्वेलरी से जुड़ी पूरी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
महिला सम्मान बचत योजना की शुरुआत
वित्त वर्ष 2023-24 के बजट में घोषित की गई महिला सम्मान बचत योजना की शुरुआत भी आज से होने जा रही है। इस योजना में महिलाओं या युवतियों को दो लाख रुपये के निवेश पर 7.50 प्रतिशत वार्षिक दर से ब्याज मिलेगा। योजना में दो वर्ष तक के लिए निवेश हो सकेगा और छह माह बाद इस निवेश की निकासी भी की जा सकेगी।
क्या है नई कर प्रणाली का बदलाव
नई कर प्रणाली में सात लाख रुपये तक की आय को करमुक्त बनाया गया है। नए नियम के तहत सात लाख से ऊपर की आय अगर उस पर लगने वाले टैक्स से कम है तो कोई टैक्स नहीं देना होगा। नई व्यवस्था के तहत वेतनभोगी और पेंशनधारक 50,000 रुपये के स्टैंडर्ड डिडक्शन का लाभ भी ले सकेंगे।
डेट म्यूचुअल फंड पर नहीं मिलेगा एलटीसीजी का लाभ
वित्त मंत्रालय ने संशोधित वित्त विधेयक 2023 के जरिये डेट म्यूचुअल फंड्स से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। इसके तहत 35 प्रतिशत से कम इक्विटी निवेश पर डेट म्यूचुअल फंड्स की बिक्री से होने वाले लाभ को शार्ट टर्म कैपिटल गेन (एसटीसीजी) माना जाएगा।
फिजिकल गोल्ड पर नया नियम
एक अप्रैल से फिजिकल गोल्ड (सोना) को इलेक्ट्रानिक गोल्ड रिसीप्ट में बदलने को हस्तांतरण नहीं माना जाएगा और इस पर कोई भी पूंजीगत लाभ कर लागू नहीं होगा। इसी प्रकार इलेक्ट्रानिक गोल्ड रिसीप्ट को फिजिकल गोल्ड में बदलने पर भी पूंजीगत लाभ कर नहीं लगेगा। इलेक्ट्रानिक गोल्ड रिसीप्ट को डिपाजिटरी गोल्ड रिसीप्ट माना जाएगा और स्टाक एक्सचेंज में ट्रेड किया जा सकेगा।