Home > राज्यो से ,
शोभायात्रा हिंसा, गुजरात-महाराष्ट्र और बंगाल में 80 गिरफ्तार

देशभर में गुरुवार को रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। कुछ राज्यों में हिंसा और आगजनी की खबरें भी सामने आईं। गुजरात के बडोदरा, महाराष्ट्र के क्षत्रपति संभाजीनगर-जलगांव, पश्चिम बंगाल के हावड़ा-इस्लामपुर और लखनऊ में दो समुदायों के बीच झड़प के बाद पथराव और आगजनी की घटनाएं हुईं।

अब तक तीन राज्यों में हिंसा के केस में 80 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें गुजरात में 24, महाराष्ट्र में 20 और बंगाल में 36 लोग शामिल हैं। पुलिस इन इलाकों में लगातार गश्त कर रही हैं। अभी हालत सामान्य हैं। बंगाल की CM ममता बनर्जी ने कहा, 'मैंने पहले ही चेताया था कि मुस्लिम इलाकों से शोभायात्रा न ले जाएं, लेकिन भाजपा के लोग जानबूझकर इन इलाकों को टारगेट करते हैं। ये खुद दंगा करवाना चाहते हैं।' आइए एक-एक राज्य की घटना सिलसिलेवार जानते हैं...

1. गुजरात: शोभायात्रा में पथराव, अब तक 24 गिरफ्तार
गुजरात के वडोदरा शहर में गुरुवार को दो जगहों पर रामनवमी शोभायात्रा में पथराव हुआ। पहली घटना फतेहपुरा क्षेत्र के पंजरीगर मोहल्ले के पास दोपहर में हुई, जबकि दूसरी घटना शाम को नजदीकी कुंभरवाड़ा में हुई। पुलिस के मुताबिक, फतेहपुरा क्षेत्र में हुई घटना में कोई घायल नहीं हुआ, जबकि कुंभरवाड़ा में रामनवमी के जुलूस पर हुए पथराव में एक महिला समेत कुछ लोग घायल हो गए। पंजरीगर मोहल्ले के जुलूस का आयोजन विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने किया था। वहीं, दूसरा जुलूस स्थानीय निवासियों द्वारा आयोजित किया गया था।स्थानीय भाजपा विधायक मनीषा वकील उस जुलूस का हिस्सा थीं, जिस पर कुंभरवाड़ा में पथराव किया गया। विधायक ने कहा, ‘‘जब शोभा यात्रा शांतिपूर्वक गुजर रही थी, तो कुछ लोगों ने अचानक हम पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। कुछ महिलाएं घायल हो गईं। कुछ घायलों ने बताया कि पत्थर पास की छतों से फेंके गए थे। पुलिस का कहना है कि घटना उस समय की है, जब जुलूस एक मस्जिद के निकट पहुंचा और लोगों ने मौके पर पहुंचना शुरू कर दिया। यह सांप्रदायिक दंगा नहीं है। हमने भीड़ को तितर-बितर किया और जुलूस आगे बढ़ा।

गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, ‘वडोदरा में रामनवमी के जुलूस के दौरान फतेहपुरा और कुंभरवाड़ा इलाके में पथराव किया गया। 22 लोग पकड़े गए हैं। CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। अतिरिक्त बल वडोदरा भेजा गया है। पत्थरबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।’

2. महाराष्ट्र: छत्रपति संभाजीनगर में 10 पुलिसकर्मी समेत 12 लोग घायल; 20 गिरफ्तार
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (पुराना नाम औरंगाबाद) के किराडपुरा इलाके में बुधवार-गुरुवार रात दो गुटों के बीच झड़प हुई थी। लोगों ने एक-दूसरे पर पथराव किया और कई वाहनों में आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस पर भी लोगों ने पथराव किया। हमले में 10 पुलिसकर्मी समेत 12 लोग घायल हो गए। अब तक 20 लोगों की गिरफ्तार किया गया है। हिंसा रात 11.30 बजे शुरू हुई और तड़के 3.30 बजे तक जारी रही।3. पश्चिम बंगाल: हावड़ा में विश्व हिंदू परिषद और बंजरग दल की शोभायात्रा में पथराव-आगजनी
पश्चिम बंगाल के हावड़ा और उत्तरी दिनाजपुर जिले में गुरुवार को शोभायात्रा के दौरान हिंसक झड़प हुई। हावड़ा के शिबपुर और उत्तरी दिनाजपुर जिले में इस्लामपुर शहर के डालखोला में भी हिंसा हुई है। हावड़ा के शिबपुर में दो गुटों में जमकर पत्थरबाजी हुई। वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें घर की छतों से कुछ लोग शोभायात्रा पर पत्थर फेंकते दिख रहे हैं। इसके बाद शोभायात्रा में शामिल भीड़ ने भी पत्थर फेंके। भीड़ ने आसपास के वाहनों और दुकानों में आगजनी की। शिबपुर में विश्व हिंदू परिषद और बंजरग दल ने शोभायात्रा निकाली थी।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इन घटनाओं के लिए सीधे भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। ममता ने भाजपा का नाम लिए बगैर कहा,'वे सांप्रदायिक दंगों के लिए राज्य के बाहर से गुंडे बुलाते रहे हैं। उनके जुलूसों को किसी ने नहीं रोका लेकिन उन्हें तलवारें और बुलडोजर लेकर मार्च करने का अधिकार नहीं है।

हावड़ा में ऐसा करने की उनकी हिम्मत कैसे हुई?' ममता ने कहा- ‘उन्होंने मार्ग क्यों बदल दिया? विशेष रूप से एक समुदाय को टारगेट करने और हमला करने के लिए अनधिकृत मार्ग क्यों चुना? भाजपा ने हमेशा हावड़ा, पार्क सर्कस और इस्लामपुर को निशाने पर रखा है।'रामनवमी पर हिंसा की खबर लखनऊ से भी आई। वहां भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी (BBAU) में छात्रों के गुट के बीच झड़प हुई। यहां ABVP के छात्रों ने राम नवमी पर जुलूस निकाला था। दूसरे गुट ने इसका विरोध किया, जिस पर झड़प हो गई। बाद में दोनों गुटों ने VC से कार्रवाई की मांग की। हालांकि, यह मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा है।

Share This News :