मंदिर के बाहर आगजनी, सांसद बोले- शराबियों ने हिंसा की
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर ( पुराना नाम औरंगाबाद) के किराडपुरा इलाके में बुधवार रात दो गुटों के बीच झड़प हो गई। लोगों ने एक-दूसरे पर पथराव किया और कई वाहनों में आग लगा दी।
मौके पर पहुंची पुलिस पर भी लोगों ने पथराव किया। हमले में 2 पुलिसकर्मियों समेत पांच से छह लोग घायल हो गए। हिंसा रात 11.30 बजे शुरू हुई और तड़के 3.30 बजे तक जारी रही।
संभाजीनगर के सांसद इम्तियाज जलील ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यहां झड़प शराबियों के दो गुटों में हुई। इन्होंने ही पत्थरबाजी की। राम मंदिर को कोई नुकसान नहीं हुआ। मंदिर में कोई नहीं गया। इसलिए नागरिकों को अफवाहों पर विश्वास नहीं करना चाहिए।
जमकर हंगामा हुआ, धर्मगुरुओं की बात भी नहीं मानी गई
संभाजीनगर में भीड़ को काबू करने के लिए कुछ धर्मगुरुओं को बुलाया गया। लेकिन भीड़ उनकी बात मानने को तैयार नहीं थी। कुछ ही देर में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों समेत भारी फोर्स मौके पर पहुंच गई। दंगाइयों ने उन पर भी पथराव किया और कार के शीशे तोड़ दिए। पुलिस ने लाठी चार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। आंसू गैस के गोले भी छोड़े। दंगाइयों ने दमकल विभाग के वाहनों पर पानी भी फेंका।
स्थानीय लोग बोले- पुलिस ने दो-तीन बार हवा में फायरिंग की
स्थानीय लोगों के मुताबिक, भीड़ काबू से बाहर होते देख पुलिस ने दो-तीन बार हवा में फायरिंग की। पुलिस ने आजाद चौक से सिटी चौक तक सभी रास्तों को जाम कर दिया। लोगों ने बताया कि ज्यादातर नागरिकों के घरों पर पथराव किया गया। नागरिक वहां मौजूद लोगों से अपने घरों से बाहर निकलने की अपील कर रहे थे। सुबह साढ़े तीन बजे से भीड़ को काबू में करने की कोशिशें शुरू हुईं।