चुनाव से पहले कर्नाटक में मुस्लिमों का रिजर्वेशन हटाया
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की तारीखें आ गई हैं। यहां 10 मई को वोटिंग होगी, नतीजे 13 मई को आएंगे। कांग्रेस 25 मार्च को ही 124 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर चुकी है। BJP की पहली लिस्ट अप्रैल के पहले हफ्ते में आ सकती है। कर्नाटक में अभी BJP की ही सरकार है। पार्टी ने चुनाव की जिम्मेदारी 80 साल के बीएस येदियुरप्पा को सौंपी है, क्योंकि ऐसा करना BJP की मजबूरी है।
येदियुरप्पा की लिंगायतों में मजबूत पकड़ है और लिंगायत सरकार बनाने में अहम रोल अदा करते हैं। BJP सरकार ने चुनाव के चंद दिनों पहले मास्टरस्ट्रोक खेलते हुए मुस्लिमों को मिलने वाला 4% रिजर्वेशन भी खत्म कर दिया। इसे लिंगायतों और वोक्कालिगा के बीच बांट दिया गया है। पार्टी का टारगेट 150 सीटें जीतने का है। हालांकि, सर्वे रिपोर्ट्स में अभी BJP को कांग्रेस से पीछे बताया जा रहा है, लेकिन बहुमत किसी भी पार्टी को मिलता नहीं दिख रहा।
ये चुनाव येदियुरप्पा के लिए फाइनल टेस्ट की तरह हैं। वे पहले ही चुनावी राजनीति से संन्यास ले चुके हैं और अब बेटों के लिए जगह बना रहे हैं। येदियुरप्पा अगर इस टेस्ट में पास हुए तो उनके बेटों का रास्ता आसान हो जाएगा। उन्होंने इस बार BJP को 130 सीटें जिताने का टारगेट रखा है। हालांकि, 2018 में सरकार बनाने वाले कांग्रेस और JD(S) अभी गठबंधन पर चुप हैं। अगर दोनों पार्टियां साथ आईं, तो BJP की मुश्किलें बढ़ेंगीं।