Home > अपना शहर ,
अमानक धान की खरीदी करने वाले प्रबंधकों से करें वसूली – कलेक्टर

जाँच दलों द्वारा अब तक 4396 मैट्रिक टन अमानक धान जब्त

समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी पर सख्त निगरानी रखें। धान खरीदी में गड़बड़ी करने वाले खरीदी केन्द्रों के प्रबंधकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने जिला आपूर्ति नियंत्रक को दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अमानक धान की खरीदी करने वाले प्रबंधकों से वसूली के साथ-साथ उन पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करें।  

इस कड़ी में कलेक्टर के निर्देश पर मंगलवार को गए दल ने महाकाल वेयर हाउस डबरा में रखे उपार्जित धान की गुणवत्ता की जाँच की। जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री एस के जैन ने बताया कि जाँच में 896 मैट्रिक टन धान अमानक पाया गया। उन्होंने बताया इससे पहले भी विभिन्न केन्द्रों पर छापामार कार्रवाई कर धान की गुणवत्ता परखी गई थी, जिसमें 3500 मैट्रिक टन धान अमानक पाया गया था। इस प्रकार अब तक कुल 4 हजार 396 मैट्रिक टन अमानक धान जब्त किया जा चुका है। श्री जैन ने बताया कि अमानक पाए गए धान को जब्त कर कड़ी निगरानी में रखा गया है। संबंधित समिति प्रबंधकों से खरीदे गए धान की राशि व परिवहन व्यय वसूलने की कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर डॉ. गोयल ने धान उपार्जन से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समर्थन मूल्य पर धान बेचकर गए किसानों को तत्परता से भुगतान की कार्रवाई की जाए। साथ ही यह ध्यान रहे कि किसानों को खरीदी केन्द्र पर अपना धान बेचने में कोई दिक्कत न आए।

जिला आपूर्ति नियंत्रक से प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिये 43 केन्द्र बनाए गए हैं। जिले में अब तक 2 हजार 557 किसानों से लगभग 25 हजार 42 मैट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। किसानों को अब तक लगभग 13 करोड़ रूपए का भुगतान भी किया जा चुका है। मालूम हो इस साल सरकार द्वारा 1470 रूपए प्रति क्विंटल के हिसाब से किसानों से धान का उपार्जन किया जा रहा है। समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी के लिये सरकार द्वारा 5 नवम्बर से 25 जनवरी तक की अवधि निर्धारित की गई है।

 

Share This News :