Home > अपना शहर ,
अभियान में रूचि न लेने वाले शासकीय सेवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें – डॉ. गोयल

नगर उदय अभियान की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश

ग्वालियर नगर निगम में 8 हजार नए हितग्राही खोजे

नगर उदय अभियान को पूरी गंभीरता से लें। जो शासकीय सेवक इसमें रूचि नहीं ले रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने नगर उदय अभियान की समीक्षा के दौरान नगर निगम आयुक्त एवं परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण को दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी, जिला पंचायत सीईओ श्री नीरज कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर श्री बाला गुरू के एवं परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण श्री गणेश जायसवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

      मंगलवार को यहाँ कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई बैठक में डॉ. गोयल ने कहा कि अभियान के दौरान चिन्हित किए गए नए हितग्राहियों को तत्परता से लाभान्वित करायें। उन्होंने परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण को निर्देश दिए कि नगर उदय अभियान के प्रथम चरण में हर दिन चिन्हित किए जा रहे हितग्राहियों की विभागवार जानकारी कलेक्टर कार्यालय में अनिवार्यत: मुहैया करायें। 

      नगर निगम आयुक्त श्री अनय द्विवेदी ने बैठक में जानकारी दी कि नगर उदय अभियान के प्रथम चरण में ग्वालियर नगर निगम के अंतर्गत सर्वेक्षण दलों द्वारा अब तक एक लाख 60 हजार परिवारों का सर्वे किया जा चुका है। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित कराने के लिये 8 हजार नए हितग्राही चयनित किए गए हैं। इनमें से 3 हजार हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि नगर उदय अभियान के तहत सायंकाल संगोष्ठी आयोजित कर स्थानीय निवासियों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही सीधे संवाद के जरिए उनकी समस्यायें भी सुनी जा रही हैं।

जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी श्री गणेश जायसवाल ने जानकारी दी कि नगर निगम ग्वालियर में 17 दल नगर उदय अभियान के तहत हर वार्ड में दस्तक दे रहे हैं। इसी तरह नगर पालिका डबरा में 8, नगर पंचायत आंतरी, बिलौआ, भितरवार और पिछोर में चार-चार दल नगर उदय अभियान के तहत सर्वेक्षण कार्य में जुटे हैं। 

सम्पूर्ण प्रदेश की भाँति ग्वालियर जिले में भी नगर उदय अभियान तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम चरण में 25 दिसम्बर से 28 दिसम्बर, द्वितीय चरण में 03 जनवरी से 15 जनवरी तक तथा तृतीय चरण में 20 जनवरी से 05 फरवरी तक आयोजित होगा। अभियान के तहत सभी नगरीय क्षेत्रों में प्रात: 8 बजे से अधिकारियों का दल वार्ड में पैदल भ्रमण कर रहा है। दलों द्वारा सायं 6 बजे प्रतिदिन की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जा रही है।  

      नगर उदय अभियान के प्रथम चरण में दल द्वारा वार्ड का भ्रमण करके प्राथमिक सर्वे किया जा रहा है। अभियान के तहत वार्ड के प्रमुख स्थान चिन्हित किए जा रहे हैं। साथ ही वार्ड में स्थित रहवासी समूह, वेलफेयर सोसायटी, मोहल्ला समिति, व्यापारी समिति के साथ ही जन कल्याण में लगे स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। द्वितीय चरण में अधोसंरचना विकास व हितग्राहीमूलक कार्यक्रमों की मैदानी स्थिति की जानकारी का संकलन, बीपीएल समूह, मलिन बस्तियों के रहवासियों के प्रतिनिधियों से चर्चा इत्यादि गतिविधियाँ होंगी। तृतीय चरण के सर्वे उपरांत वार्ड सभा का आयोजन किया जायेगा। नगर उदय अभियान की अवधि में पेंटिंग प्रतियोगिता, नगर विकास रथ, नगर उदय अभियान के गीत का गायन तथा शासकीय योजनाओं से संबंधित पुस्तक एवं प्रचार साहित्य का वितरण किया जायेगा।

Share This News :