Home > अपना शहर ,
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना आज समारोहपूर्वक बटेंगे चयनित हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र

मंत्री श्रीमती माया सिंह के मुख्य आतिथ्य में होगा कार्यक्रम

प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना कार्यक्रम के तहत वर्ष 2016-17 के लिये चयनित पात्र हितग्राहियों का उन्मुखीकरण करने के लिये 28 दिसम्बर को एक अहम कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। महारानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल के सामने स्थित मैदान पर इस दिन प्रात: 9 बजे से यह कार्यक्रम शुरू होगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजवल सिंह यादव करेंगी। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में विधायक ग्वालियर दक्षिण श्री नारायण सिंह कुशवाह, विधायक ग्वालियर ग्रामीण श्री भारत सिंह कुशवाह, विधायक भितरवार श्री लाखन सिंह यादव एवं विधायक डबरा श्रीमती इमरती देवी उपस्थित रहेंगी।

कार्यक्रम में मनावर जिला धार से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के उदबोधन का सीधा प्रसारण किया जायेगा। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत जिन हितग्राहियों को चयनित किया गया है उन्हें आवास के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए जायेंगे।

      उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी। कार्यक्रम के संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री के उदबोधन का भी होगा सीधा प्रसारण

      जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह ने बताया कि 28 दिसम्बर को आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र के पात्र 400 हितग्राहियों को फूलबाग मैदान में एकत्रित किया जाकर प्रशिक्षित किया जायेगा। कार्यक्रम में दोपहर एक बजे से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के उदबोधन का सीधा प्रसारण होगा। इसके साथ ही हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए जायेंगे। कार्यक्रम स्थल पर हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को आवास निर्माण हेतु विभिन्न चरणों में सामग्री, मिस्त्री एवं गुणवत्ता की जानकारी का प्रशिक्षण दिया जायेगा। इसके साथ ही आवास निर्माण की विभिन्न डिजाईनों की प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी। आवास निर्माण की मार्गदर्शिका एवं पॉवर पॉइंट प्रजेण्टेशन की भी प्रस्तुति होगी।

 

Share This News :