Home > राज्यो से ,
थाने के सामने कर रहे थे खुलेआम वसूली, दो हवलदार और सात आरक्षक लाइन अटैच

महासमुंद। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने पटेवा थाने के सामने अवैध वसूली पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। थाना के सामने सरेआम वसूली कर रहे दो प्रधान आरक्षक और सात आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है।नेशनल हाईवे 53 पर स्थित पटेवा थाना के सामने रोज सुबह पांच बजे से नौ बजे तक वाहनों के जांच के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें लगातार मिल रही थी। पुलिस के जवान रोज सुबह उठकर उगाही करते थे, बाद में स्नान करने अपने क्वार्टर में जाते थे। जन शिकायत पर एसपी ने बुधवार को संज्ञान लिया। वे सुबह गढ़फुलझर (बसना) जाने निकले। तब एसपी धर्मेंद्र सिंह ने यह नजारा स्वयं भी देखा।
एसपी ने आंखों से देखा अवैध वसूली का नजारा
उन्होंने थाने से थोड़ी दूर आगे जाकर अपनी वाहन को रुकवाया। वहां से पैदल फिल्मी स्टाइल में थाने के सामने पहुंचे। पैदल चलते हुए अपनी आंखों से अवैध वसूली का नजारा देखा तो कप्तान धर्मेंद्र सिंह आग बबूला हो गए। तत्काल कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को लाइन अटैच कर दिया। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं आमजनों में इस कार्रवाई की जमकर सराहना हो रही है।

Share This News :