क्राइम ब्रांच ने नकली डिप्टी कलेक्टर को पकड़ा
इंदौर । क्राइम ब्रांच ने शातिर ठग मुकेश राजपूत को गिरफ्तार किया है, जो स्वयं को डिप्टी कलेक्टर (एसडीएम) बताकर लोगों को ठगता था। आरोपित ने एक महिला को बाबू और उसके बेटे को नायब तहसीलदार बनाने का झांसा दिया था। उनसे लाखों रुपये भी ले चुका था। उसके विरुद्ध सीहोर के दोराहा थाने में भी फर्जीवाड़ा का प्रकरण दर्ज है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) राजेश हिंगणकर के मुताबिक हिमांशु पुत्र हरीश कुमार निवासी सबरी नगर सुखलिया की शिकायत पर आरोपित मुकेश राजपूत निवासी रतवाड़ा (जिला होशंगाबाद) के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है।हिमांशु ने पुलिस को बताया कि आरोपित मुकेश ने स्वयं को डिप्टी कलेक्टर बताया था। उसने कहा था कि अफसरों से घनिष्ठ संबंध है। वह कलेक्टर कार्यालय या राजस्व विभाग में नौकरी लगवा सकता है। आरोपित ने हिमांशु की मौसी सुलभा जैन को बाबू और उनके बेटे शशांक को नायब तहसीलदार बनाने का झांसा देकर दो लाख पचास हजार रुपये ले लिए।
उसने एक साल तक विभिन्न प्रकार की प्रक्रिया का झांसा दिया और बाद में फरार हो गया। पुलिस ने मंगलवार को मुकेश के खिलाफ केस दर्ज किया। इसके बाद देर रात उसे गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस ने उसका फोन जब्त कर लिया है। फर्जीवाड़ा में कोई अन्य तो शामिल नहीं, इसकी जांच चल रही है।
पीएससी में चयन नहीं हुआ तो फर्जी अफसर बन ठगने लगा
एडिशनल डीसीपी (अपराध) गुरुप्रसाद पाराशर के मुताबिक मुकेश पुत्र रमेश राजपूत के विरुद्ध सीहोर के दोराहा थाने में भी धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध है। उसने अफसर बनकर ठगी की थी। पूछताछ में बताया कि वह अफसर बनना चाहता था। पीएसपी में प्री तो पास कर ली, लेकिन मेंस में अटक गया।