एकतरफा प्यार में सिरफिरे ने छात्रा के भाई के बाद स्कूल में शिक्षक को मारी गोली
8वीं में पढ़ने वाली छात्रा के एकतरफा प्यार में डूबे 35 साल के अधेड़ ने पहले तो छात्रा के छोटे भाई को गोली मारी, फिर स्कूल में घुसकर शिक्षक को गोली मार दी। दोनों को ग्वालियर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व घायल शिक्षक की निशानदेही पर एक संदिग्ध चिन्हित हुआ है।सोमवार की दोपहर साढ़े 3 बजे के करीब मुरैना के तुस्सीपुरा में रहने वाली 13 वर्षीय छात्रा का 12 साल का भाई मोहल्ले के पास पार्क में खेल रहा था, इसी पार्क में उसके पेट में गोली लगी। वह भागते हुए घर पहुंचा तो स्वजन उसे अस्पताल लेकर आए। उधर एक युवक छात्रा के मिडिल स्कूल क्रमांक 4 में पहुंचा, जहां 4 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद हेडमास्टर हरिओम शर्मा के साथ शिक्षक हरीचंद्र शर्मा, नवनीत शर्मा व नरेंद्र शर्मा खड़े थे।आरोपित ने शिक्षकों को छात्रा का नाम बताया और पूछा कि उसकी बेइज्जती किसने की। शिक्षक कुछ समय पाते उससे पहले ही सिरफिरे ने कट्टा निकालकर हेडमास्टर हरिओम शर्मा पर चला दिया, वे बच गए तो दूसरी गोली 38 वर्षीय शिक्षक हरीचंद्र पुत्र किशन शर्मा निवासी जौरी के सीने में जा धंसी।