Home > राज्यो से ,
बेटा-बेटी के साथ ट्रेन के आगे कूदी महिला

मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गाडरवाड़ा में एक महिला ने अपने 19 साल के बेटे और 16 साल की बेटी के साथ सुसाइड कर लिया। तीनों ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। घटना स्थल से महिला के बेटे के जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने पति पर उसे और बच्चों को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए है। महिला के बेटे ने उसकी मौसी को वाट्सएप पर ये सुसाइड नोट भेजा था।

घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। रेलवे की ओर से गाडरवाड़ा पुलिस को रात 11 बजे बरेली-जमाड़ा फाटक के पास तीन शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान अनीता कौरव (38), सजल( 19) और शानी (16) के रूप में हुई।जांच में पता चला कि कजरौटा गांव की रहने वाली अनीता कौरव की शादी 20 साल पहले लिलवानी में हुई थी। वह पति पप्पू उर्फ राजकुमार के साथ पंचवटी कॉलोनी में रहती थी। वह पति की शराब पीने की लत से परेशान थी। मना करने पर पति उसे प्रताड़ित करता था। इससे तंग आकर वह काफी समय से अपने मायके में रहने लगी थी। कुछ दिन पहले ही पति उसे और बच्चों को लेकर गाडरवाड़ा ले आया था। यहां आकर उसने फिर पत्नी और बच्चों को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। इसी से परेशान होकर महिला ने ये कदम उठाया। सुसाइड नोट में यही तथ्य सामने आए हैं। पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है।

पुलिस को महिला के बेटे सजल की जेब से सुसाइड नोट मिला। उसने मरने से पहले सुसाइड नोट को अपनी मौसी के लिए भी वाट्सएप के जरिए भेजा था। महिला का पति पप्पू उर्फ राजकुमार मोटर बाइंडिंग का काम करता था लेकिन शराब पीकर अनर्गल काम में लगा रहता था। जिससे पत्नी सहित उसके दोनों बच्चे परेशान थे। पति की शराब पीने की आदत घर में कलह का कारण थी। इसी को लेकर मारपीट भी होती थी।

टीआई ने कहा- पति को गिरफ्तार किया
गाडरवारा टीआई राजपाल बघेल ने बताया मामले में जांच चल रही है। प्रथम द्ष्टया जांच में पति की प्रताड़ना के कारण महिला ने बच्चों सहित आत्महत्या की है। सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें भी पति की प्रताड़ना का जिक्र है। पति को गिरफ्तार कर लिया है।

Share This News :