पंचायत सचिव का आरोप - SDM ने मारा चांटा:सचिव ने कहा- अफसर को नहीं हटाया तो आत्महत्या कर लूंगा
विदिशा जिले की लटेरी जनपद में सचिव और SDM के बीच विवाद गरमा गया है। ग्राम पंचायत मसूडी के सचिव जगदीश धाकड़ का कहना है कि SDM लटेरी हर्षल चौधरी 7 मार्च को जांच करने मसूडी गए थे। उसी दौरान उन्होंने कान पकड़ा और गाल पर चांटा मार दिया और गाली भी दी।
इसके विरोध में सचिव संघ ने ज्ञापन देकर SDM के ट्रांसफर की मांग की है। लटेरी सचिव संघ ने कहा कि मांग न मानने पर कलमबंद हड़ताल की जाएगी। सचिव जगदीश ने कहा कि कार्रवाई नहीं हुई तो वह कलेक्ट्रेट जाकर आत्महत्या कर लेगा।
भ्रष्टाचार पकड़ा तो झूठे आरोप लगा रहा सचिव
इस संबंध में लटेरी SDM हर्षल चौधरी ने कहा कि शिकायत मिली थी कि रोड का भुगतान हो गया है और रोड बना नहीं है। इसकी जांच करने गया था। मौके पर सचिव ने जरूरी दस्तावेज नहीं दिखाए ओर कोई जानकारी नहीं दी। करीब 4 लाख 65 हजार की अनियमितता पाई गई है। इससे बचने के लिए सचिव द्वारा चांटा मारने की बात की जा रही है, जबकि ऐसा नहीं हुआ है।