नकल गैंग पकड़ने गांव में गुजारी रात, 8 टीचर पकड़े
मध्यप्रदेश के खरगोन में 10वीं में पास कराने वाला एक रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। नकल गैंग को पकड़ने गई टीम ने पूरी रात गांव में गुजारी। सुबह परीक्षा केंद्र से कुछ ही दूरी पर सूने मकान में 10वीं का पेपर हल करते 9 लोगों को पकड़ा। इनमें से 8 टीचर और अतिथि और सहायक शिक्षक निकले। जांच के दौरान सभी के मोबाइल पर सामाजिक विज्ञान प्रश्न पत्र का लिया गया फोटो पाया गया। साथ ही उनके पास से 10 सामाजिक विज्ञान की गाइड, जिसके पन्ने फटे हुए पाए गए।
मामला अतिदुर्गम पहाड़ी क्षेत्र सिरवेल के परीक्षा केंद्र का है। दरअसल, इस तरह के रैकेट की भनक कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा को 6 मार्च को एक मुखबिर के जरिए लगी। कलेक्टर ने इस रैकेट को पकड़ने की रूपरेखा बनाई। इसके मुताबिक जिला मुख्यालय से एसडीएम और शिक्षा अधिकारी और बीईओ रात में ही शासकीय वाहनों की बजाय प्राइवेट वाहनों से गांव पहुंचे। उन्होंने देहाती पहनावा पहन रखा था। यहां उन्होंने रात गुजारी।
रातभर टीम ने इंतजार किया। सुबह 10वीं का सामाजिक विज्ञान का पेपर शुरू होने के बाद परीक्षा केंद्र के पास सूने मकान में दबिश दी। यहां 9 लोग पेपर हल करते मिले। कलेक्टर वर्मा ने बताया कि अत्यंत गोपनीय सूचना के आधार पर पूरी रूपरेखा तैयार की गई थी।एसडीएम ओएन सिंह ने बताया कि प्लानिंग के अनुसार सोमवार रात में ही शिक्षा, जनजाति, राजस्व और पुलिस विभाग का अमला पहुंच गया था। टीम में प्रभारी शिक्षा अधिकारी हेमेन्द्र वडनेरकर, थाना प्रभारी और बीईओ एके गुप्ता भी शामिल थे। मंगलवार को कक्षा 10वीं का सामाजिक विज्ञान के पेपर शुरू होने के बाद केंद्र पर हलचल शुरू हुई। मौका देखकर टीम ने अपना काम शुरू किया। सुबह परीक्षा केंद्र के पास के ही मकान में करीब 9 लोग पेपर हल करते पकड़े गए।
एसडीएम सिंह ने बताया कि स्कूल में संदेहास्पद व्यक्ति की स्विफ्ट डिजायर देखी गई। केन्द्राध्यक्ष से पूछे जाने पर पता चला कि यह व्यक्ति कहीं और पदस्थ है। मकान में नांदिया हाईस्कूल के अध्यापक सचिन गाड़गे और बहादुरसिंह गरासे, खेरकुंडी के अतिथि शिक्षक वसीन खान, कोटबेड़ा स्कूल के अतिथि शिक्षक सुरेश सोलंकी व अनिल बड़ोले, प्राथमिक स्कूल कोटबेड़ा के सुनिल मोरे, सिरवेल स्कूल के ही सहायक शिक्षक दयाराम सोलंकी, और नांदिया स्कूल के सुरेश बारेला तथा महाराष्ट्र के सुनील पंवार नकल करते पाए गए।