Home > अपना शहर ,
नगर उदय अभियान प्रथम चरण में दल कर रहे हैं घर-घर संपर्क

शहरी क्षेत्र में निवास कर रहे नागरिकों को सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का मूल्यांकन तथा जन हितैषी योजनाओं की जानकारी मुहैया कराने के उद्देश्य से सम्पूर्ण प्रदेश की भाँति ग्वालियर जिले में भी 25 से 28 दिसम्बर तक नगर उदय अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नगरीय क्षेत्रों में दल गठित किए गए हैं। दल प्रात: 8 बजे से अपने निर्धारित क्षेत्र में घर-घर जाकर संपर्क स्थापित कर रहे हैं। इसके साथ ही लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।

      प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि नगर निगम ग्वालियर में 17 दल गठित किए जाकर नगर उदय अभियान का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसके साथ ही डबरा में 8, आंतरी में 4, बिलौआ में 4, भितरवार और पिछोर में चार-चार दल गठित किए जाकर अभियान चलाया जा रहा है।

      उन्होंने बताया कि नगर उदय अभियान के प्रथम चरण 25 दिसम्बर से 28 दिसम्बर तक दल द्वारा वार्ड का भ्रमण करके प्राथमिक सर्वे किया जायेगा। वार्ड के प्रमुख स्थान चिन्हित किए जायेंगे। वार्ड में स्थित रहवासी समूह, वेलफेयर सोसायटी, मोहल्ला समिति, व्यापारी समिति के साथ ही जन कल्याण में लगे स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों से संपर्क किया जायेगा। वार्ड के तृतीय चरण के सर्वे उपरांत वार्ड सभा का आयोजन किया जायेगा। नगर उदय अभियान की अवधि में पेंटिंग प्रतियोगिता, नगर विकास रथ, नगर उदय अभियान के गीत का गायन तथा शासकीय योजनाओं से संबंधित पुस्तक एवं प्रचार साहित्य का वितरण किया जायेगा।

कनिष्ठ अभियंता विद्युत मण्डल आंतरी श्री चौरसिया को नोटिस जारी

      प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने नगर उदय अभियान के अंतर्गत सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन न करने और शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने पर कनिष्ठ अभियंता विद्युत मण्डल आंतरी जिला ग्वालियर श्री आनंद चौरसिया को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। श्री चौरसिया को प्रथम चरण में नगर पंचायत आंतरी में गठित दल का प्रभारी नियुक्त किया गया था। श्री चौरसिया अपने कार्य पर उपस्थित नहीं हुए हैं। उनके इस कृत्य को शासकीय कार्य में लापरवाही मानते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

Share This News :