ऐसा मर्डर जिसमें शिकारियों ने शिकार की तरह मारा
12 फरवरी 2023। एक किसान अपने खेत से लापता हो गया। वो हर दिन की तरह खेत पर गया था। नहीं लौटा, तो परिजनों ने खोजना शुरू किया। 13 फरवरी को गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस के साथ परिवार वाले दो दिन तक खेत से डेढ़ किलाेमीटर दूर स्थित कुएं में खोजते रहे। 15 फरवरी को परिजन SP को ज्ञापन देने जैसे ही इकट्ठा हुए, वैसे ही सूचना मिली कि किसान का शव कुएं से बरामद हो गया है। बॉडी उसी कुएं से मिली, जिसमें पिछले दो दिन से तलाश की जा रही थी।
पहली नजर में यह हादसा लगा। जांच के बाद यह मामला मर्डर में तब्दील हो गया। 16 फरवरी को नाराज परिवार वालों और समाज के लोगों ने गुना के हनुमान चौराहे के चारों तरफ ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़े कर ट्रैफिक रोक दिया। 500 से ज्यादा ग्रामीण चौराहे पर इकट्टा हो गए। पुलिस और ग्रामीणों के बीच बहस हुई। वे लोग आरोपियों के घर को बुलडोजर से गिराने और उन्हें फांसी देने की मांग करते हुए नारेबाजी करते रहे। किसी भी वाहन चालक ने गाड़ी निकालने की यदि गलती से भी कोशिश की, तो भीड़ गाड़ी को धक्का मारने लगती। एक कार के बोनट पर इतनी जोर से मुक्का मारा गया कि वह दब गया। एक गाड़ी वाले ने निकलने की कोशिश की, तो उसकी बाइक को आगे से उठा दिया गया। बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति गिरते-गिरते बचा। एक लोडिंग वाहन का कांच फोड़ दिया गया। करीब दो घंटे तक यहां जमकर गदर मचाया।
पुलिस ने परिजनों की आशंका पर FIR का आश्वासन देकर जांच की बात कही। इसके बाद बमुश्किल मामला शांत हुआ। जब पुलिस टीम खेत में पहुंची, तो देखा कि एक खेत पर हिरण मरा देखा। खेत की फेंसिंग में करंट लगा था। आशंका थी कि उसी से हिरण की मौत हुई थी। साथ ही उस खेत पर कुछ तीतर, शराब की बोतलें और जिबह करने का कुछ सामान भी मिला।
यहीं से पुलिस को आशंका हुई कि करंट की चपेट में आने से यदि हिरण की मौत हुई है, तो हो सकता है नीलम भी चपेट में आया हो। परिवारवालों ने भी आशंका जताई थी कि खेत मालिक द्वारा फेंसिंग में लगाए गए करंट से नीलम की मौत हुई। परिजनों ने राजकुमार धाकड़, लखन धाकड़ और उनके कुछ साथियों पर करंट लगाकर नीलम को मारने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा- हत्या के बाद इन्होंने ही लाश को छिपाया था। जब हमने तलाशना शुरू कि,या तो घटना के तीन दिन बाद बुधवार को नीलम का शव गांव के उसी कुएं से डाल दिया, जिसमें दो दिनों से तलाशने के लिए डुबकी लगा रहे थे। नीलम का शव कंबल में लिपटा था।पुलिस ने 6 लोगों पर FIR दर्ज की है। आरोपियों पर हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया। खेत मालिक और शिकार में लिप्त अन्य लोगों पर FIR कर उनकी तलाश शुरू की। इससे पहले वन विभाग ने 11 लोगों पर हिरण और अन्य जानवरों के शिकार का केस दर्ज कर लिया था। FIR होने के अगले दिन ही पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके दो दिन बाद एक और चौथे दिन बाकी दो और आरोपियों को बजरंगगढ़ थाना प्रभारी SI राम शर्मा और उनकी टीम ने गिरफ्तार कर लिया। इनमें से तीन तो पेशेवर शिकारी और बदमाश हैं। उन पर पहले से कई केस दर्ज हैं।
गिरफ्तार सभी छह आरोपियों की प्रोफाइल की पड़ताल की, तो चौंकाने वाली बात सामने आई। दरअसल, ये सभी आरोपी शिकारी हैं। आए दिन जानवरों का शिकार करते थे। मृतक नीलम यादव इन्हें शिकार से रोकता था, इसलिए उसे रास्ते से हटाने के मकसद से उसे मौत के घाट उतार दिया। पूरे केस को सिलसिलेवार तरीके से समझते हैं...
जिस कुएं में दो दिन तलाशा, तीसरे दिन उसी में मिला शव
13 फरवरी को बरखेड़ा गिर्द के रहने वाले चंद्रभान सिंह यादव ने बजरंगगढ़ थाने में चचेरे भाई नीलम यादव (34) की गुमशुदगी दर्ज कराई। बताया- उनके चाचा ईश्वरी सिंह का बेटा नीलम यादव रोज की तरह 12 फरवरी की रात 11:30 बजे खेत पर गया था। सोमवार सुबह तक वह वापस नहीं आया। चंद्रभान ने खेत पर जाकर तलाशा, तो उसे उसकी बाइक वहीं खड़ी मिली, लेकिन नीलम दिखाई नहीं दिया। पास वाले खेत पर देख-रेख कर रहे भतीजे से पूछा, तो उसने बताया कि रात में चाचा की बाइक की हेडलाइट जलते देखा था। सोचा- चाचा खेत पर आ गए होंगे। इसके बाद मैं अंदर जाकर लेट गया। इसके बाद उन्हें नहीं देखा।
उसकी बात सुनकर मैंने फिर से खेत के आसपास भाई को तलाशा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद मैं थाने पहुंचा। हमने हर कुआं, हर नाले में उसे तलाशा, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद SP ऑफिस पहुंचे। बुधवार को हम सभी ज्ञापन देने स्वतंत्रता पार्क पर इकट्ठे हुए। इसी बीच, खबर आई कि लापता युवक का शव खेत के पास उसी कुएं में मिल गया है, जिसमें दो दिन से लोग डुबकी लगाकर खोज रहे थे। हम सभी हैरान थे।