बजट सत्र का दूसरा दिन:कटौती प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस; नेता प्रतिपक्ष बोले- शिवराज सरकार ने राज्यपाल से झूठी वाहवाही कराई
मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का आज दूसरा दिन हंगामेदार रहने के आसार हैं। आज विधानसभा के पटल पर आर्थिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट भी पेश की जाएगी। इसके अलावा राज्यपाल के कल हुए अभिभाषण पर भी चर्चा होगी। विपक्ष आज सदन में कटौती प्रस्ताव लाएगा। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने राज्यपाल के अभिभाषण पर कटौती प्रस्ताव लाने की तैयारी की है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा, सरकार ने राज्यपाल से जाे भाषण दिलवाया, उसमें असफल योजनाओं का सफलतापूर्वक व्याख्यान किया गया। भाजपा ने प्रदेश को गर्त में डाल दिया। 2007 से 2023 तक साढे़ 13 हजार करोड़ के निवेश प्रस्तावों का उल्लेख किया, लेकिन केवल 3 लाख करोड़ का निवेश अब तक मप्र की सरकार ने विधानसभा में जवाब में बताया है। राज्यपाल से शिवराज सरकार ने झूठी वाहवाही कराई है। इसकी मैं निंदा करता हूं। हमारे साथियों ने कटौती प्रस्ताव रखे हैं। सरकार की नीतियों के विरोध में हमारे साथियों ने कटौती प्रस्ताव रखे हैं। सीधी बस दुर्घटना के संबंध में हमारे साथियों ने ध्यानाकर्षण लगाए हैं। उन पर चर्चा कराने के लिए अध्यक्ष ने आश्वासन दिया है।
विधानसभा अपडेट्स...
- पहला सवाल कांग्रेस विधायक झूमा सोलंकी (भीकनगांव, खरगोन) ने उठाया। इसके पहले ही कांग्रेस के ही विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। सोलंकी ने पंचायत सचिव को 7वां वेतनमान, पंचायत विभाग में संविलियन और नियमितिकरण का मामला उठाया। बोलीं- मुझे जो जवाब मिला, वो पूर्ण नहीं है। प्रमुख मांग थी कि 7वां वेतनमान कब दिया जाएगा? वेतनमान की गणना 2008 से की जा रही है, जबकि नियुक्ति 1995 से है। जवाब में पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने कहा- सचिव और रोजगार सहायकों के 7वें वेतनमान और नियमितीकरण के लिए कमेटी बनाई है। इसकी रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी। सोलंकी बोलीं- कमेटी बनने के बाद एक भी बैठक नतीजे की नहीं हुई है। ये कर्मचारी गांव के सबसे महत्वपूर्ण अंग हैं। पंचायत मंत्री बोले- पंचायत सचिव जिले के कैडर का कर्मचारी होता है। नियमितीकरण की प्रक्रिया लंबी होती है। 3 माह के अंदर समिति की रिपोर्ट बुलाकर कार्रवाई की जाएगी।
- दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि देने के लिए कांग्रेस विधायक शरद कोल ने शुरुआत में ही सतना के कोल सम्मेलन से लौट रहे आदिवासियों की असमय मौत की बात कहनी शुरू कर दी। इसके बाद स्पीकर गिरीश गौतम ने दो मिनट का मौन कराकर सदन की कार्यवाही को 10 मिनट के लिए स्थगित कर दिया।
- दूसरे दिन का सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा में दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी। सीएम के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने श्रद्धांजलि दी। शरद यादव को याद करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा- मैं अगर विधायक बना तो इसमें शरद यादव का बड़ा योगदान है। उनके भाई ने मुझे फोन कर शरद जी की प्रतिमा गांव में लगाने के लिए कहा था। मैं मुख्यमंत्री से अनुरोध करता हूं कि उनकी प्रतिमा लगाने के लिए पहल की जाए।