Home > राज्यो से ,
भाजपा की विकास यात्रा में नारेबाजी ,दण्डौतिया व तोमर के खिलाफ लगे मुर्दाबाद के नारे

मुरैना में भाजपा की विकास यात्रा के दौरान सोमवार को जमकर नारेबाजी की गई। भाजपा नेता व प्रदेश के ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष गिर्राज दण्डौतिया व दिमनी से पूर्व भाजपा विधायक शिवमंगल सिंह तोमर जब विकास यात्रा के साथ दिमनी के मिरघान गांव में पहुंचे तो लोगों ने उनकी कार के सामने खड़े होकर आक्रोश व्यक्त किया तथा मुर्दाबाद के नारे लगाए। नारेबाजे के बीच मंत्री गिर्राज दण्डौतिया व शिवमंगल सिंह तोमर जैसे-तैसे लोगों का विरोध झेलते हुए मंच तक पहुंचे लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश यहीं नहीं थमा, वे मंच के सामने पहुंच गए तथा मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए उनसे पिछले पांच सालों के विकास का हिसाब-किताब मांगने लगे। मंत्री दण्डौतिया व पूर्व विधायक लोगों को शांत करने के लिए कहते रहे लेकिन लोगों ने उनके आग्रह को अनसुना कर दिया और जमकर खरी-खोटी सुनाई। लोगों की खरी-खोटी सुनकर पूर्व विधायक भी भड़क गए तथा बोले कि हमने क्या विकास किया है और क्या नहीं किया है, वह हमें तब बताना जब हम तुम्हारे दरवाजे आएं। इस पर लोग भड़क गए और उन्होंने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया तथा देखते ही देखते पूरा पांडाल खाली हो गया।दिमनी व मिरघान गांव के ग्रामीण भाजपा के गिर्राज दण्डौतिया व पूर्व विधायक शिवमंगल के खिलाफ खुलकर उतर आए तथा दोनों से खुलकर पूछने लगे कि अभी तक पांच वर्षों में क्षेत्र में ऐसा कौन सा विकास किया है जिसको लेकर यह विकास यात्रा की जा रही है। ग्रामीण तो यहां तक कहने से नहीं चूके कि जब आप लोगों ने उनके क्षेत्र में कोई विकास ही नहीं किया है तो फिर यह किस बात की विकास यात्रा निकाली जा रही है।

Share This News :