परीक्षा हाल में एक साथ नहीं बैठ सकेंगे एक ही स्कूल के विद्यार्थी
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) परीक्षा में पारदर्शिता बरतने को लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल नया प्रयोग करने वाला है। पहली बार केंद्रों पर विद्यार्थियों की बैठक व्यवस्था बदली गई। अब एक ही स्कूल के छात्र-छात्राएं परीक्षा हाल में एक पंक्ति यानी एक-दूसरे के आगे-पीछे नहीं बैठ पाएंगे। उनके बीच कुछ विद्यार्थियों का अंतर रहेगा, जो अन्य स्कूलों में पढ़ते हैं। ऐसा करने के पीछे बोर्ड की मंशा परीक्षा में नकल रोकना है। यह व्यवस्था पूरे प्रदेश में सरकारी और निजी स्कूल दोनों में बनाए गए सभी केंद्रों पर लागू की है। हालांकि शिकायत मिलने पर केंद्राध्यक्ष पर सीधे कार्रवाई की जाएगी।दसवीं-बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 1 मार्च से शुरू होने वाली हैं। बीते साल की तुलना में इंदौर जिले में केंद्रों की संख्या बढ़ाई है। 149 सरकारी-निजी स्कूलों में परीक्षा रखी है। इसमें 35 फीसद ऐसे केंद्र बनाए हैं, जहां दो से तीन स्कूलों के विद्यार्थी परीक्षा देंगे। यहां बोर्ड ने छात्र-छात्राओं की बैठक व्यवस्था में बदलाव किया है। अधिकारियों के मुताबिक पुरानी व्यवस्था में परीक्षा हाल में एक ही स्कूल के विद्यार्थियों को आगे-पीछे बिठाया जाता था। ऐसे में पेपर देने के दौरान विद्यार्थी आपस में प्रश्नों के जवाब बताते थे या फिर नकल सामग्री का आदान-प्रदान करते थे। अब केंद्र पर एक स्कूल के विद्यार्थी के पीछे अन्य स्कूल के विद्यार्थी को बिठाया जाएगा। इससे नकल रोकने में आसानी होगी।