Home > राज्यो से ,
ASI की पत्नी को लगाया चूना:ऑयल मिल में पार्टनर बनाने का सपना दिखा ठगे 4.5 लाख रुपए

ग्वालियर में तेल मिल में पार्टनर बनाने के नाम पर एक दारोगा (ASI) की पत्नी को साढ़े चार लाख की चपत पड़ोसी ने लगा दी। रुपए लेने के बाद ना तो उनसे एग्रीमेंट किया और ना ही ऑइल मिल शुरू किया। घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन की है। जब ASI (असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर) ने दबाव बनाया तो आरोपी ने उन्हें चेक थमा दिए और जब चेक बैंक में लगाए तो वह बाउंस हो गए। घटना की शिकार पुलिसकर्मी की पत्नी ने थाने पहुंचकर शिकायत की है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन निवासी राजीव दुबे पुलिस में ASI हैं। अभी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ हैं। उनके पड़ोस में ही नीतेश गुप्ता रहते हैं और उनका राजीव के घर आना जाना है। वर्ष 2021 में नीतेश गुप्ता उनके घर आया और राजीव की पत्नी मीना को बताया कि वह तेल मिल लगा रहा है और उसे कुछ रुपयों की जरूरत है, साथ ही ऑफर दिया कि अगर वह चाहे तो पार्टनर बन जाए। अगर पार्टनर नहीं बनती तो वह कुछ ही समय में उनके पैसे वापस कर देगा। डील पसंद आने पर मीना तैयार हो गई और साढ़े चार लाख रुपए नीतेश को दे दिए। रुपए लेने के बाद जल्द ही नीतेश ने उनसे एग्रीमेंट का वादा किया और उसके बाद कई दिन इंतजार के बाद भी उसने एग्रीमेंट नहीं किया और ना ही मिल शुरू किया।
सुरक्षा में दिए चेक, हुए बाउंस
काफी समय बीतने के बाद भी जब ऑइल मील स्टार्ट नहीं हुआ तो पूछे जाने पर हर बार टालमटोल करता रहा तो पीडि़ता व उनके बेटे विकास ने उससे पैसे मांगे तो नीतेश ने उन्हें इंडसइंड बैंक के चेक थमा दिए, जिन्हें बैंक में लगाया तो चेक बाउंस हो गए। जानकारी करने पर पता चला कि यह खाता तो नीतेश पहले ही बंद करा चुका है।
मंत्रियों से संबंध होने की कहकर धमका रहा आरोपी
जब ठगी की शिकार महिला ने नीतेश गुप्ता से पैसे वापस करने की कहा तो आरोपी उसे मंत्री व नेताओं से संबंध होने की कहकर धमकी देने लगा, जब पैसे वापस नहीं दिए तो पीडि़ता ने वकील से नोटिस भेजा, लेकिन उसने नोटिस का जवाब भी नहीं दिया। परेशान होने पर पीडि़ता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
आरोपी को जल्द पकड़ने की कही बात
एडिशनल एसपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि थाने पर आकर एक महिला ने शिकायत कर बताया था कि तेल मिल में पार्टनर बनाने का झांसा देकर उसके पड़ोसी ने लाखों रुपए लेकर धोखाधड़ी कर ली है। जब उसने पैसे वापस करने का दबाव बनाया तो उसे चेक थमा दिए जो बैंक में लगाते ही बाउंस हो गए। पीड़ित की शिकायत पर धोखाधड़ी करने वाले पड़ोसी खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है जल्द उसे पकड़ लिया जाएगा।

Share This News :