Home > राज्यो से ,
नई कांग्रेस, 50 से कम उम्र के 50% चेहरे सत्ता-संगठन में होंगे, पहले दिन संविधान कमेटी, स्टीयरिंग कमेटी की बैठक, प्रस्ताव आएंगे

रायपुर में शुक्रवार से शुरू होने वाला कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन इस बार कुछ अलग होगा। पहले दिन पार्टी की संविधान कमेटी, स्टेयरिंग कमेटी सहित अन्य सभी कमेटियों की बैठकें होंगी। इनमें प्रस्ताव तैयार कराए जाएंगे। दूसरे दिन देशभर से आने वाले 12 हजार से अधिक प्रतिनिधियों के बीच खुला अधिवेशन होगा।

इसमें इन प्रस्तावों का अनुमोदन कराया जाएगा। तीसरे दिन यानी 26 फरवरी को आमसभा होगी। इसमें 2 लाख से अधिक लोगों के जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। राजस्थान से 400 से अधिक पदाधिकारी इस अधिवेशन में शामिल हो रहे हैं। घोषित पदाधिकारियों के अलावा जिन पदाधिकारियों को इसमें शामिल किया जाना है, उनको प्रदेश और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की ओर से फोन पर आमंत्रित कर दिया गया है।

4 नए बिंदु बनेंगे कांग्रेस के संविधान का हिस्सा
इस अधिवेशन के पहले दिन कांग्रेस के संविधान में चार नए बिंदुओं को जाेड़ा जाएगा। उदयपुर चिंतन शिविर में आए मुद्दों में से भी एक बिंदु को शामिल किया जा सकता है। कांग्रेस अपने संविधान में युवाओं को तवज्जो देने वाले बिंदु के साथ लीडरशिप डवलपमेंट की बात भी शामिल कर सकती है। एआईसीसी से मिली जानकारी के अनुसार उदयपुर चिंतन शिविर में फिफ्टी अंडर फिफ्टी के फॉर्मूले पर बात की गई थी। उसके अनुसार कांग्रेस संगठन, सत्ता और टिकटों के लिहाज से 50 प्रतिशत स्थान 50 वर्ष से कम उम्र के नेताओं को देने की बात थी। अधिवेशन में इसे शामिल किया जाएगा। अधिवेशन में पार्टी की संविधान कमेटी के सामने लीडरशिप डवलपमेंट प्लान भी लाया जाने वाला है, जिसे वह संविधान की पंक्तियों में शामिल करने की सिफारिश कर सकती है।

इसके तहत नए नेताओं की सैकंड लेयर कैसे बनाई जाए। जनता के बीच जाने से पहले कैसे खुद को प्रजेंटेशन लायक बनाया जाए, इसी को लेकर यह प्लान बनाया गया है। अधिवेशन में संविधान कमेटी एससी, एसटी, बैकवर्ड क्लास के नेताओं के लिए भी ट्रेनिंग कार्यक्रम जैसे विषय पर चर्चा करने वाली है। वे अपने मुद्दों को पार्टी के अंदर और बाहर किस प्रकार रख सकते हैं। खुद को कैसे तैयार करें, इस पर यह कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे। यह कांग्रेस का नियमित फीचर बने, इसलिए यह मुद्दा कमेटी के सामने लाया जा सकता है।

राजस्थानी संस्कृति की झलक दिखेगी
देशभर से आने वाले पदाधिकारियों की अगवानी कमोबेश उसी तरह की जाएगी, जिस तरह राजस्थान में आने वाले पावणों की की जाती है। असल में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का सहप्रभारी पिछले दिनों राजस्थान के विजय जांगिड़ को बनाया गया है। जांगिड़ ने बताया कि राजस्थान में पावणों की खातिरदारी की झलक यहां अधिवेशन में आने वालों को भी दिखाई देगी, इसके लिए वे भरपूर प्रयास और तैयारी कर रहे हैं। हालांकि वहां छत्तीसगढ़ की संस्कृति भी स्वागत से लेकर खानपान आदि में दिखाई देने वाली है।

 

Share This News :