Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
मेडिकल-इंजीनियरिंग की चयन परीक्षा में सरकारी स्कूल के बच्चों की अलग बनेगी मैरिट लिस्ट, CM की घोषणा

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को उज्जैन जिले के महिदपुर की विकास यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मेडिकल और इंजीनियरिंग की चयन परीक्षा में सरकारी स्कूल के बच्चों की अलग से मैरिट लिस्ट बनाई जाएगी। सीएम शिवराज ने कहा कि हमारे सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे आखिर अंग्रेजी में कमजोर होते हैं, तो वे पीछे क्यों रहें। इसके लिए भी हम व्यवस्था करेंगे। लाड़ली बहना योजना के बारे में विस्तार से बताते हुए सीएम ने कहा कि आगामी 5 मार्च से इस योजना के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे व जांच पड़ताल पूरी करते हुए 10 जून को हितग्राहियों के खाते में एक हजार रुपये प्रतिमाह जमा होने लग जाएंगे। वृद्ध माताओं का भी उन्हें ध्यान है। उनकी भी पेंशन 600 रुपये से बढ़ाकर एक हजार रुपये की जाएगी।

9868 करोड़ रुपये के ऋण वितरित
इसके पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त, योजना एवं सांख्यिकी मंत्री जगदीश देवड़ा, एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, सांसद अनिल फिरोजिया एवं विधायक बहादुरसिंह चौहान की मौजूदगी में दीप प्रज्जवलन कर विकास यात्रा की सभा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में प्रदेशभर के 13 लाख से अधिक युवाओं को स्वरोजगार के लिए 9868 करोड़ रुपये की ऋण वितरित करते हुए कहा कि हमें युवाओं के रोजगार की भी चिन्ता है। मुख्यमंत्री ने साथ ही मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के हितग्राहियों, जिन्होंने स्वरोजगार शुरू किया है, से वर्चुअल संवाद भी किया।

मुख्यमंत्री ने वर्चुअल संवाद के दौरान हरदा के नर्मदाप्रसाद, अशोक नगर की एकता अरोरा, कटनी के रोहित पटेल व निवाड़ी के प्रद्युम्न रावत से वर्चुअल संवाद किया व उनसे पूछा कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से ऋण लेकर वे किस तरह कार्य करेंगे व ऋण लेने में उन्हें कोई परेशानी तो नहीं आई। सभी हितग्राहियों ने ऋण स्वीकृत करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे प्राप्त राशि से अपने उद्योग को और आगे बढ़ाएंगे।

Share This News :