विकास यात्रा में नहीं जुटी भीड़, सचिव से नेता नाराज:कड़ी कार्रवाई करने CEO ने लिखा पत्र; कांग्रेस बोली- ये तुगलकी हरकत है
जबलपुर में सरकार की विकास यात्रा में भीड़ नहीं जुटा पाना एक सचिव को महंगा पड़ गया। शहपुरा जनपद पंचायत सीईओ सीएल पनिका ने जबलपुर जिला पंचायत सीईओ डॉ. सलोनी सिड़ाना को पत्र लिखा है। इस पत्र में बरगी विधानसभा की सिहोदा ग्राम पंचायत के सचिव महेंद्र पटेल पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष के अलावा भाजपा के पूर्व विधायक की नाराजगी का भी हवाला दिया है।
कांग्रेस विधायक संजय यादव ने कहा- विकास हुआ ही नहीं
पंचायत सचिव पर कार्रवाई के लिए लिखा गया पत्र सामने आते ही सियासत भी गरमा गई है। भाजपा विकास यात्रा में भीड़ जुटाने के लिए प्रशासन पर कोई दबाव ना डालने की सफाई दे रही है। कांग्रेस पत्र उजागर होने पर हमलावर है। बरगी से कांग्रेस के विधायक संजय यादव ने पंचायत सचिव पर कार्रवाई के इस पत्र को तुगलकी हरकत बताया है।
संजय यादव का कहना है कि भाजपा ने विकास के काम नहीं किए, इसीलिए विकास यात्रा में भीड़ नहीं जुट रही है। अगर लोग विकास यात्रा में नहीं आना चाहते तो उन पर दबाव क्यों बनाया जा रहा है। अगर विकास यात्रा में प्रशासन का दुरुपयोग नहीं रोका गया तो जनता भाजपा को सबक सिखा देगी।शहपुरा जनपद पंचायत सीईओ सीएल पनिका ने कहा कि शासन के कार्यों की बताने के लिए विकास यात्रा जब सिहोदा गांव पहुंची तो वहां पर शासकीय कर्मचारी ज्यादा थे, जबकि ग्रामीण कम थे। ऐसे में सचिव की लापरवाही सामने आई थी। गांव में विकास यात्रा आने से पहले सचिव को मुनादी करवाना था। उन्होंने ऐसा नहीं किया, इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर जिला पंचायत सीईओ को पत्र लिखा गया है। कार्रवाई जिला पंचायत सीईओ के पास से होना है।