रुद्राक्ष महोत्सव में आए 3 साल के बच्चे की मौत:2 दिन में 2 महिला समेत 3 की गई जान; अव्यवस्था पर मानवाधिकार आयोग ने मांगा जवाब
सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में रुद्राक्ष महोत्सव के दौरान शुक्रवार को तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। महाराष्ट्र के जलगांव से माता-पिता बच्चे को लेकर कुबेरेश्वर धाम पहुंचे थे। इस बीच एक अन्य महिला की मौत भी जिला अस्पताल में हो गई। दो दिन के दौरान कुल दो महिलाओं समेत तीन मौतें हो चुकी हैं, जबकि 73 लोग बीमार हुए हैं।
सीहोर कलेक्टर प्रवीण सिंह के मुताबिक रुद्राक्ष महोत्सव में आई एक महिला और एक बच्चे की मौत हुई है। महिला की मृत्यु का कारण कार्डियक अरेस्ट है। जबकि 3 वर्षीय बच्चे की मौत बीमारी के कारण हुई है। बच्चे को सेरेब्रल पाल्सी नाम की बीमारी थी। वह इम्यूनोकॉम्प्रोमाइज्ड (पहले से कई बीमारियों से पीड़ित) था। कलेक्टर ने बताया कि कुबेरेश्वर धाम में करीब 2000 श्रद्धालुओं ने सर्दी, खांसी, बुखार समेत अन्य रोगों की दवाएं यहां बने दवा काउंटर से लीं। इनमें से एक भी श्रद्धालु को किसी भी अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं पड़ी है।
कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा आयोजित रुद्राक्ष महोत्सव में जलगांव के विवेक विनोद भट्ट पत्नी और दो बेटों के साथ गुरुवार को आए थे। भट्ट ने बताया कि 3 साल के बेटे अमोघ भट्ट की तबीयत पहले से थोड़ी खराब थी। गाड़ी की सुविधा नहीं हाेने से हम पैदल ही आए। रास्ते में बच्चे की तबीयत और खराब हाे गई। हम उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ICU में भर्ती कर लिया गया। शुक्रवार सुबह डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
अकोला की रहने वाली 40 वर्षीय मंगला गुरुवार शाम को चक्कर खाकर गिर पड़ी थीं। उन्हें जिला अस्पताल लेकर आए थे, जहां देर रात उनकी मौत हो गई। इससे पहले गुरुवार दोपहर को मालेगांव की रहने वाली 50 वर्षीय महिला ने भी दम तोड़ दिया था।
महोत्सव के पहले ही दिन गुरुवार को लाखों लोगों की भीड़ के कारण कार्यक्रम स्थल पर हालात बेकाबू हो गए थे। शुक्रवार को भी भारी भीड़ के बाद रुद्राक्ष वितरण का कार्यक्रम रोक दिया गया। जिसके बाद रुद्राक्ष लेने के लिए देशभर से आए लोग खाली हाथ लौटने लगे। इस बीच, पंडित मिश्रा ने कहा कि अब महोत्सव के बजाय पूरे साल मिलेंगे रुद्राक्ष। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि शनिवार को महाशिवरात्रि पर पूरे देश में महाकाल के भक्तों का विश्वास देखने को मिलेगा। उन्होंने ये भी कहा कि थोड़ी व्यवस्थाएं ठीक कर फिर से रुद्राक्ष वितरण शुरू किया जाएगा।
मानव अधिकार आयोग ने स्वतह संज्ञान लिया
सीहोर में पंडित प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम में रुद्राक्ष महोत्सव में अव्यवस्थाओं के कारण लोगों को हुई परेशानियों को लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने स्वतह संज्ञान लिया है। आयोग ने कलेक्टर और एसपी सीहोर से 5 बिन्दुओं पर एक सप्ताह में तथ्यात्मक प्रतिवेदन मांगा है।
इन बिंदुओं पर मांगा जवाब
आयोजक ने कितने लोगों के आने की अनुमानित संख्या और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी देकर लिखित में अनुमति चाही थी ?
प्रशासन ने कितने लोगों की अनुमानित संख्या के हिसाब से सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूल आवश्यकताओं की उपलब्धता को सुनिश्चित किया था?
आयोजन स्थल के पास स्थित स्टेट हाईवे पर सुचारू ट्रैफिक के साथ ही कार्यस्थल के आसपास यातायात, पार्किंग की क्या व्यवस्था की गई?
कार्यक्रम के पहले ही दिन अनुमान से ज्यादा लोगों और वाहनों के आने पर अनियंत्रित हुई स्थिति को काबू में करने के लिए क्या प्रयास किए गए?
पहले ही दिन व्यवस्थाओं से कई गुना अधिक संख्या में व्यक्ति और वाहनों के आने से अनियंत्रित हुए ऐसे वातावरण/परिस्थितियों को ठीक करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा क्या वैधानिक कार्यवाही की गई है ?