संत राजूदास और स्वामी प्रसाद में हाथापाई
हनुमानगढ़ी के संत राजूदास और सपा एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य के बीच हाथापाई हो गई। दोनों के समर्थकों के बीच भी मारपीट हुई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मामला शांत कराया। मौर्य ने लखनऊ पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि तपस्वी छावनी मंदिर के महंत राजू दास, महंत परमहंस दास और उनके समर्थकों ने तलवार और फरसा लेकर लखनऊ में उन पर हमला करने की कोशिश की।दरअसल, गोमतीनगर के एक होटल में एक न्यूज चैनल की तरफ से कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। स्वामी प्रसाद का सेशन दोपहर 12 बजे था, जबकि राजूदास का दो बजे। राजूदास अन्य संतों के साथ पहले ही वहां पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक इंटरव्यू खत्म होने के बाद स्वामी प्रसाद वहां से जाने लगे। तभी राजूदास व अन्य संत उनके पीछे लग गए और दोनों तरफ से नारेबाजी शुरू हो गई। इसी दौरान राजूदास व स्वामी प्रसाद के बीच हाथापाई हो गई। एडीसीपी पूर्वी सैयद अली अब्बास ने बताया कि वीडियो फुटेज में दोनों पक्षों से नारेबाजी व एक-दो लोगों के बीच हाथापाई दिख रही है। जांच जारी है। तहरीर मिलेगी तो एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
रामचरित मानस को लेकर शुरू हुई जुबानी जंग पर चढ़ा सियासी रंग
प्रदेश में रामचरित मानस की चौपाई को लेकर शुरू हुई जुबानी जंग पर सियासी रंग चढ़ने लगा है। सपा एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य चौपाइयों केविरोध का सहारा लेकर अपना सियासी महत्व बनाए रखने की कोशिश में जुटे हैं। दूसरी ओर उनका विरोध भी चरम पर है। हालात यहां तक पहुंच गए हैं कि एक पक्ष खुले तौर पर विरोध में तो दूसरा समर्थन में लामबंद है। शब्दबाण चलने के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया है। स्वामी प्रसाद और अयोध्या हनुमानगढ़ी के पुजारी राजूदास व समर्थकों के बीच जमकर हाथापाई हुई। सपा के एमएलसी ने रामचरित मानस की चौपाई को वर्ग एवं वर्ण विरोधी बताते हुए उसे हटाने की मांग की। उन्होंने राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री को पत्र भी लिखा है।