Home > राज्यो से ,
सिंधिया के शॉट से बीजेपी कार्यकर्ता का सिर फूटा:क्रिकेट के मैदान पर हादसा

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के क्रिकेट के मैदान पर लगाए एक शॉट से बीजेपी का एक कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। दरअसल सिंधिया ने शॉट मारा था, गेंद हवा में उचली और कार्यकर्ता को लग गई। घायल कार्यकर्ता को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खुद सिंधिया ने अस्पताल पहुंचकर कार्यकर्ता का हाल जाना।

मामला मध्यप्रदेश के रीवा है। बुधवार केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया MPCA के मैदान का उद्घाटन करने इटौरा पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साहवर्धन के लिए बल्ला थाम लिया। फिर क्या था, उन्होंने एक से एक शॉट लगाए।

क्रिकेट खेलते समय सिंधिया ने एक बॉल पर उठाकर मारा। गेंद हवा में चली गई। बीजेपी युवा मोर्चा का मंडल उपाध्यक्ष विकास मिश्रा बॉल के नीचे आकर कैच पकड़ने की कोशिश कर रहा था, तभी कैच छूट गया और बॉल उसकी आंख के उपरी हिस्से में लग गई। वह वहीं पर गिर पड़े। जिसके बाद खुद सिंधिया ने कार्यकर्ता को उठाया। फिर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। केंद्रीय मंत्री सिंधिया हादसे के बाद घायल कार्यकर्ता का हालचाल जानने अस्पताल भी पहुंचे।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के दीनदयाल नगर मंडल के अध्यक्ष धीरेंद्र द्विवेदी ने बताया कि MPCA के मैदान के उद्घाटन के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान राजेन्द्र सिंह कटहा ने बालिंग की। तभी मैदान में फील्डिंग कर रहे भाजयुमो के दीनदयाल नगर मंडल उपाध्यक्ष विकास मिश्रा 26 वर्ष निवासी अनंतपुर के सिर में गेंद लग गई है।

घायल सर्जरी वार्ड में भर्ती, हालत स्थिर
घायल विकास मिश्रा सर्जरी वार्ड में भर्ती है, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने बनाया मैदान
बता दें कि केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 15 फरवरी को सबसे पहले रीवा एयरपोर्ट का भूमिपूजन किया। इसके बाद इटौरा गांव में नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण किया। समारोह शाम 5 बजे प्रारंभ हुआ। दावा है कि स्टेडियम का निर्माण मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा किया गया है। कार्यक्रम का आयोजन रीवा डिवीजनल एसोसिएशन ने किया। एसोसिएशन के संरक्षक नागेन्द्र सिंह विधायक गुढ़ और अध्यक्ष केके सिंह ने समारोह कराया।

Share This News :