BBC के ऑफिस में 22 घंटे से रेड जारी, एडिटर्स गिल्ड ने जताई चिंता
गुजरात हिंसा से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री को लेकर जारी विवाद के बीच ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) के दिल्ली और मुंबई स्थित दफ्तर पर आयकर विभाग ने मंगलवार को छापेमारी की है. यहां आयकर की टीम पिछले 22 घंटे से सर्वे कर रही है. यह रेड मंगलवार को दोपहर 12 बजे से शुरू हुई .बताया जा रहा है कि इंटरनेशनल टैक्स में गड़बड़ी को लेकर बीबीसी दफ्तर पर आईटी की एक टीम जांच के लिए पहुंची है. इतना ही नहीं, जांच के लिए पहुंची आयकर की टीम ने ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों के फोन भी जब्त कर लिए, और कर्मचारियों से दफ्तर छोड़कर घर जाने के लिए कहा गया. बीबीसी के दफ्तर पर इनकम टैक्स की इस कार्रवाई को इंटरनेशनल टैक्स से जुड़ा मामला बताया जा रहा है. जिसमें टैक्स में गड़बड़ी को लेकर बीबीसी दफ्तर पर 22 से आईटी की ये सर्चिंग चल रही है. माना जा रहा है कि आयकर की टीम आज बुधवार को भी अपनी जांच जारी रख सकती है. ऐसे में बीबीसी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि हम अपने कर्मचारियों के साथ हैं, और इस जांच में आईटी की टीम की मदद कर रहे हैं. हमें उम्मीद है कि स्थिति जल्दी ही सामान्य हो जाएगी. जारी किये गये बयान में आगे कहा गया कि हमारा आउटपुट और पत्रकारिता से जुड़ा काम रोजाना की तरह चलता रहेगा. हम अपने रीडर्स को सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं. वहीं जानकारी के मुताबिक ब्रिटेन की सरकार इस स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है, बीबीसी ने कहा है कि उसके कुछ कर्मचारियों को आयकर की जारी पूछताछ मे सहयोग करने के लिए अपने दिल्ली और मुंबई कार्यालयों में रहने को कहा गया है. एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने बयान जारी कर आयकर विभाग की ओर से की गई छापेमारी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि सरकार की आलोचना करने वाले निशाने पर हैं. जारी बयान में कहा गया है कि बीबीसी के नई दिल्ली और मुंबई स्थित दफ्तर पर सर्वे के लिए की गई रेड से एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया चिंतित है.