मंत्री भार्गव बोले- कांग्रेसियों से पूछना कितने में बिकोगे?:वे सूटकेस भरकर इधर-उधर हो जाते हैं; हमने लाठी खाकर भी पार्टी नहीं छोड़ी
मध्यप्रदेश सरकार में PWD मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि, कांग्रेसी यहां आएं तो उनसे पूछना कि कितने में बिकोगे? वे सूटकेस भरकर इधर-उधर हो जाते हैं। उन्होंने BJP कार्यकर्ताओं को लेकर कहा कि इतिहास गवाह है हमने लाठियां-गोलियां खाईं, लेकिन कभी अपनी पार्टी नहीं छोड़ी।
70 साल के भार्गव सागर की रहली विधानसभा सीट से लगातार 8वीं बार के विधायक हैं। वे शुक्रवार को अपनी विधानसभा में निकाली जा रही विकास यात्रा में पहुंचे थे। शाहपुरा में विकास यात्रा के दौरान उन्होंने विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। साथ ही एक सभा को भी संबोधित किया।
मंत्री गोपाल भार्गव ने विकास यात्रा कार्यक्रम के मंच से कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, कांग्रेसी यदि यहां आएं तो उनसे पूछना कि भैया तुम तो जा बताओ कि तुम कितने में बिक हो और हमें कितने दे हो? कांग्रेसी ऐसे ही हैं। कार्यकर्ता झंडा उठाने में लगा रहता है, वे गड्डी जेब में रखते और सूटकेस भरकर इधर से उधर और उधर से इधर हो जाते हैं।
इतिहास गवाह है, हम विपक्ष में रहे। धरना प्रदर्शन किया। लाठी और गोली खाई, लेकिन हमने कभी अपना धर्म, ईमान और पार्टी को नहीं छोड़ा। ये सब (कांग्रेसी) नौटंकीबाज हैं।
सागर जिले से मंत्री राजपूत कांग्रेस छोड़कर BJP में आए
मध्यप्रदेश में सागर तीन मंत्रियों वाला जिला है। PWD मंत्री गोपाल भार्गव, शहरी विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह और राजस्व एवं परिवहन की कमान गोविंद सिंह राजपूत संभाले हुए हैं। सिंधिया समर्थक राजपूत ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर BJP जॉइन कर ली थी।