CM शिवराज को उन्हीं के गढ़ में कमलनाथ की चुनौती
मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शनिवार को सीएम शिवराज सिंह के गढ़ सीहोर में उन्हें चुनौती दी। कमलनाथ ने कहा कि मैं अपनी 15 महीने की सरकार का हिसाब देता हूं। आप भी अपने 190 महीने का हिसाब दें। कमलनाथ ने बीजेपी को विकास यात्रा की जगह हिसाब यात्रा निकालने की सलाह दी। साथ ही बीजेपी की विकास यात्रा को निकास यात्रा बताया।
इससे पहले सीहोर पहुंचे कमलनाथ ने यहां के चिंतामन गणेश मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने रविंद्र सांस्कृतिक भवन में एक सभा को संबोधित किया। कमलनाथ ने कहा कि शिवराज के राज में लोगों में भरोसा पैदा नहीं हो पाया है। इसी कारण मध्यप्रदेश में उद्योग नहीं लग पा रहे हैं। बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है। कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह जी 190 महीने शासन के बाद कहते हैं कमलनाथ हिसाब दें। आइए शिवराज जी आप वहां खड़े हो जाइए। मैं यहां खड़ा हो जाता हूं। जनता को मैं अपना हिसाब दे देता हूं। आप भी 190 महीनों को हिसाब दे दीजिए।
कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में आत्महत्या की घटनाएं बढ़ रही हैं, बेरोजगारी बढ़ रही है, भ्रष्टाचार के मामले में मध्यप्रदेश नंबर 1 हो गया है। अब जनता का मोह भाजपा से भंग हो चुका है और इस साल होने वाले चुनाव में भारी बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनेगी।
हिसाब यात्रा निकाले शिवराज
कमलनाथ ने बीजेपी सरकार की विकास यात्रा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह जी विकास यात्रा निकाल रहे हैं। 190 महीने के बाद इन्हें तो हिसाब यात्रा निकालनी चाहिए। हिसाब यात्रा निकाले। ये विकास यात्रा नहीं, ये निकास यात्रा है। कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में किसान, नौजवान, व्यापारी, कानून व्यवस्था, शिक्षा और गोवंश का सत्यानाश हो गया है। मुझे प्रदेश के मतदाताओं पर मुझे पूरा भरोसा है कि वे प्रदेश की तस्वीर सामने रखकर अपना भविष्य सुरक्षित करेंगे।