Home > राज्यो से ,
अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर हमला, 8 पुलिसकर्मी घायल

उज्जैन में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। पुलिस की गाड़ियों के कांच फोड़ दिए। इतना ही नहीं जेसीबी पर भी पथराव किया। इस पूरे बवाल में जेसीबी चालक समेत 9 पुलिस कर्मी घायल हो गए। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने भी बल प्रयोग किया।

मामला उज्जैन जिले की घट्टिया तहसील के झितरखेड़ी का है। पुलिस और प्रशासन की टीम यहां अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने टीम पर हमला कर दिया। एसडीएम संजय साहू ने बताया कि गांव में किसी ने सरकारी जमीन पर डॉ अंबेडकर की प्रतिमा के पास तार फेंसिंग कर जमीन पर अतिक्रमण कर लिया था। ग्रामीणों ने सूचना दी थी कि जमीन पर पहले सभी वर्ग के कार्यक्रम होते थे, लेकिन अतिक्रमण के बाद बंद हो गए।

अतिक्रमण की शिकायत के बाद शुक्रवार दोपहर को पुलिस बल के साथ टीम पहुंची थी। तार फेंसिंग को हटाकर टीम रवाना हो रही थी, इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने पहले जेसीबी पर और फिर पुलिस की टीम पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया।

एसडीएम को सुरक्षा कर्मी ने बचाया, 9 लोग घायल

एसडीएम संजय साहू और कुछ पुलिस अधिकारियों की गाड़ी पत्थरबाजी के बीच फंस गई। इस दौरान किसी तरह एसडीएम को उनके सुरक्षा कर्मी ने सुरक्षित गाडी में बैठाकर वहां से निकाला। पत्थरबाजी में घायल होने वाले पुलिसकर्मियों में पीएस यादव, वीरेंद्र परिहार, सुर सिंह बामनिया, बाबूलाल पटेल, साक्षी जोशी, अरविन्द यादव, मोहनलाल और शिवशंकर समेत जेसीबी चालक घायल हो गया।

अतिक्रमण हटाने के बाद ग्रामीण आक्रोशित
घट्टिया तहसील के समीप स्थित ग्राम झितरखेड़ी में दो दिन पहले ग्रामीणों ने 30 बाय 100 के सरकारी जमीन के हिस्से पर डॉ.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाकर तार फेंसिंग कर दी थी। पंचायत द्वारा शिकायत करने पर शुक्रवार को एसडीएम और तहसीलदार पुलिस अधिकारियों के साथ तार फेंसिंग हटाने पहुंचे। जेसीबी से अतिक्रमण हटना शुरू होते ही अधिकारी लौट गए थे।

इसी दौरान ग्रामीण आक्रोशित हो गए और जेसीबी व पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को तितर-बितर किया,लेकिन इस दौरान पथराव से छह पुलिसकर्मी, दो नगर सैनिक व जेसीबी चालक घायल हो गया। सभी को नजदीक के सरकारी अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया। घटना में किसी को गंभीर चोंट नहीं आई है।

60 लोगों पर होगा केस
पुलिस टीम पर हमले के बाद कलेक्टर कुमार पुरषोत्तम, एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल, एएसपी आकाश भूरिया, डीएसपी एचक्यू कौल ने कॉल अटैंड करना बंद कर दिया। मामले में घट्टिया थाना प्रभारी पीएस यादव ने बताया कि हमला करीब 60 लोगों ने किया है। सभी पर केस दर्ज कर उन्हें पहचान कर गिरफ्तार करेंगे।

Share This News :