Home > अपना शहर ,
अटल जी ने अपने कृतित्व से बड़े-बड़े पदों को छोटा साबित किया – श्री तोमर

पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी के जन्मदिवस पर सुशासन समारोह आयोजित

महान व्यक्ति पद से नहीं अपने कृतित्व से जाने जाते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी ऐसी ही विभूति हैं, जिनके कृतित्व के सामने बड़े-बड़े पद बोने दिखाई देते हैं। अटल जी ने राजनैतिक जीवन में सभी के लिये आदर्श प्रस्तुत किया। उक्त आशय के विचार केन्द्रीय ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने व्यक्त किए। श्री तोमर रविवार को यहाँ जीवाजी विश्वविद्यालय के गालव सभागार में आयोजित हुए सुशासन दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेने की जरूरत है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने की। पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस ग्वालियर जिले में भी सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर विधायक श्री नारायण सिंह कुशवाह व श्री भारत सिंह कुशवाह, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव, संभाग आयुक्त श्री एस एन रूपला, जीवाजी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष व प्रो. एपीएस चौहान  मंचासीन थे। कार्यक्रम में जीडीए के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी व जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शांतिशरण गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और जिले भर से आए पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे।

केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल जी ने निर्णय में जनता की भागीदारी, पारदर्शिता और बिना सिफारिश के काम करने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देकर सही मायने में सुशासन की अवधारणा सार्थक की। श्री तोमर ने कहा वर्तमान सरकार भी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अटल जी के निर्णयों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा सरकार शासकीय काम-काज में सुशासन व पारदर्शिता बनाए रखने के लिये कटिबद्ध है। सरकार ने सुशासन को ध्यान में रखकर हाल ही में कड़े निर्णय लिए हैं जो आगे चलकर आम जनता के लिये मीठे साबित होंगे। श्री तोमर ने निर्णयों को लागू करने में जनता से सहयोग का आहवान भी किया।

नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि अटलजी ने रामराज की भाँति आधुनिक काल में सुशासन का उदाहरण प्रस्तुत किया। इसी तरह मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में सुशासन की नई अवधारणा गढ़ी गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 30 वर्गों की पंचायत बुलाकर व जनता से सीधे सुझाव लेकर योजनायें बनाईं। साथ ही इन योजनाओं को अमलीजामा पहनाया। श्रीमती माया सिंह ने कहा कि प्रदेश में अटलजी के जन्मदिवस से नगर उदय अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत हर वार्ड में शासकीय दल पहुँचकर जनता तक शासकीय सेवाओं व योजनाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं जीवाजी विश्वविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. ए.पी.एस. चौहान ने कहा कि अटलजी एक ऐसे राजनेता हैं, जिन्होंने पक्ष व विपक्ष दोनों भूमिकाओं का आदर्श निर्वहन किया। उन्होंने राष्ट्र की परिस्थितियों व महापुरूषों की सोच में ध्यान रखकर भारत में सुशासन लागू करने का प्रयास किया। यही वजह रही कि विश्व के बड़े-बड़े राष्ट्र आर्थिक मंदी से बुरी तरह प्रभावित हुए। मगर भारत पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। देशभर में सड़कों का जाल, दक्षिण एशिया और एशिया पर केन्द्रित सफल विदेश नीति, पोखरण परमाणु विस्फोट इत्यादि ऐसे निर्णय हैं जिससे देश विकास पथ पर तेजी से आगे बढ़ा। साथ ही देश का मान सम्मान भी बढ़ा।

कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह, विधायक श्री भारत सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव ने भी विचार व्यक्त किए। आरंभ में प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। संचालन श्री एस बी ओझा ने किया। इस बीच अटल जी के जीवन वृत और उनके लेखन पर भी प्रकाश डाला गया।

खुले में शौच मुक्त हुईं पंचायतों के पदाधिकारी व लोक सेवक हुए सम्मानित

      स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले में खुले में शौचमुक्त हुईं 52 ग्राम पंचायतों के सरपंच सचिव, रोजगार सहायक, उपयंत्री, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, प्रेरक इत्यादि को सुशासन दिवस समारोह में अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिले में इन पंचायतों को मिलाकर अब 139 ग्राम पंचायतें खुले में शौच मुक्त हो चुकी हैं। शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन व जन समस्याओं के त्वरित निराकरण में महती भूमिका निभाने वाले शासकीय सेवक, कैशलेस व्यवस्था में सहयोगी बैंकर्स इत्यादि को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

  

Share This News :