CM बोले- इस साल 1 लाख से ज्यादा नौकरियां देंगे
मध्यप्रदेश सरकार इस साल एक लाख लोगों को नौकरी देगी। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को 74वें गणतंत्र दिवस पर की। सीएम ने जबलपुर में राष्ट्र ध्वज फहराया। राज्य स्तरीय समारोह भोपाल में हुआ। यहां राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने ध्वजारोहण किया। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने रीवा जिले में ध्वजारोहण किया। प्रदेश के 29 जिला मुख्यालयों पर मंत्री और 20 जिलों में कलेक्टर ने तिरंगा फहराया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने झंडा फहराया।
मुख्यमंत्री शिवराज ने जबलपुर में कहा, आज हम सभी भारतवासियों को यह दिन उन अमर शहीद बलिदानियों के सर्वस्व न्यौछावर करने से मिला, जिन्होंने मां भारती की स्वतंत्रता के लिए जीवन बलिदान कर दिया। हम सभी अमर शहीदों को नमन करते हैं। नर्मदा परिक्रमा पथ और नर्मदा कॉरिडोर का तीन चरणों में विकास किया जाएगा, जो अद्भुत होगा। सरकार इस साल एक लाख लोगों को सरकारी नौकरी देगी।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गणतंत्र दिवस पर जबलपुर सर्किट हॉउस परिसर में पत्नी श्रीमती साधना सिंह के साथ रुद्राक्ष का पौधा रोपा। पर्यावरण-संरक्षण के लिये मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रतिदिन पौध-रोपण करते हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अंकुर कार्यक्रम अंतर्गत जन-अभियान परिषद द्वारा आयोजित पौध-रोपण कार्यक्रम में रुद्राक्ष, बरगद, नीम, पीपल और आम के पौधे रोपित किये। विधायक श्री अजय विश्नोई, श्री अशोक रोहाणी, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र जामदार सहित सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।