अयोध्या से जुड़ेगी रामराजा की नगरी ओरछा:गडकरी ने किया बड़ा ऐलान
मध्यप्रदेश में रामराजा सरकार की नगरी ओरछा को रामजन्मभूमि अयोध्या से जोड़ा जाएगा। केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी घोषणा की। गडकरी ने सोमवार को ओरछा में 6800 करोड़ रुपए की लागत से 550 किलोमीटर की 18 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि- रामराजा मंदिर इलाके का विकास काशी और उज्जैन के कॉरिडोर जैसा करेंगे। सीएम ने ओरछा में राम राजा लोक और चित्रकूट में वनवासी राम लोक का निर्माण करने की घोषणा भी की।
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि जब अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन रहा है, तो उसके अनुसार सड़कें भी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 4 हजार करोड़ की लागत से 84 कोशी पथ बनाया जा रहा है। आसपास की सभी प्रमुख सड़कों को जोड़ा जाएगा। पैदल पथ पर कालीन की तरह हरी घास लगाई जाएगी। ओरछा के आसपास के सभी मार्गों को बनाने के वक्त भगवान श्रीराम का इतिहास भी तस्वीरों के माध्यम से दिखाया जाएगा।
ओरछा और पीताम्बरा पीठ में लाखों लोगों की आवाजाही को देखते हुए भूमि अधिग्रहित कर यात्रियों के लिए फूड मॉल बनाए जाएंगे और यहां के सभी तीर्थ स्थलों की सड़कों के आसपास सुंदर घास युक्त फुटपाथ बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि बुंदेलखंड की धरती और राजाराम की नगरी ओरछा में आने का मौका मिला। ओरछा और चित्रकुट को अन्य शहरों से जोड़ने के लिए करीब 70 हजार करोड़ के रोड के काम कर रहे हैंओरछा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा आज तक ऐसा हजारों करोड़ों की सड़कों का लोकार्पण और शिलान्यास नहीं देखा। आज देश में कुछ लोग ऐसे हो गए हैं जो भगवान राम और तुलसीदास के बारे में भी ऐसी-वैसी बातें बोलते हैं। भगवान राम हमारे अस्तित्व हैं, राम हमारे प्राण हैं, राम हमारे रोम-रोम में हैं, और हमारी हर सांस में बसे हैं। मुख्यमंत्री ने भारत जोड़ो यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसी यात्राओं से भारत जुड़ेगा क्या… अगर भारत कोई जोड़ रहा है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नितिन गडकरी भारत जोड़ रहे हैं। भारत शानदार सड़कों की कनेक्टीविटी से जुड़ रहा है।