IAS अफसरों से बोले CM-अहंकार से दूर रहकर काम करें
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के सभी आईएएस अफसरों को नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में सब अच्छा दिखता है, लेकिन हकीकत फील्ड पर जाने से पता चलती है। सीएम शिवराज शुक्रवार को प्रशासन अकादमी में आयोजित आईएएस सर्विस मीट में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने मीट का उद्घाटन किया। सीएम ने अच्छा काम करने वाले कलेक्टर्स की तारीफ भी की।
ऑफिस और फील्ड में बैंलेंस बनाना पड़ेगा
सीएम ने आईएएस अफसरों से कहा- फील्ड के अफसर काम करते हैं, लेकिन मैं वल्लभ भवन में हमेशा कहता हूं कि फील्ड में दौरा होने चाहिए। इसके बिना वास्तविकता का अंदाजा नहीं लग सकता। अगर हम नीचे वाले से रिपोर्ट लेंगे, तो यही कहेगा कि बहुत बढ़िया।। शानदार परफॉर्मेंस है सर। मैं भी जब रिपोर्ट लेता हूं तो कोई अन्यथा न ले, जब चर्चा करता हूं तो अच्छी-अच्छी बातें सामने आती हैं। लेकिन जब मैं सिंचाई की योजना देखने को चला गया तो पता चला कि वहां टेल तक पानी नहीं हैं।
कई जगह नहरें कटी-फटी पड़ी हैं। मैं ACS की आलोचना नहीं कर रहा, वो सिंचाई के लिए अच्छा काम कर रहे हैं। ऑफिस और फील्ड में बैंलेंस बनाना पड़ेगा। ये तब होगा जब अहंकार मुक्त होकर काम करें। इस मौके पर आईएएस मो. सुलेमान, विवेक पोरवाल सहित प्रदेश भर के कलेक्टर और तमाम विभागों के अफसर मौजूद रहे।