Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
कमलनाथ बोले- ज्योतिरादित्य सिंधिया कोई तोप नहीं हैं, शिवराज को सवाल -जबाब की दी चुनौती

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमें सिंधिया की जरूरत नहीं है, अगर वे इतने बड़े तोप थे तो ग्वालियर का महापौर चुनाव क्यों हारे, मुरैना का महापौर चुनाव क्यों हारे?

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ ने ये बात शुक्रवार को टीकमगढ़ के रेस्ट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही। बता दें कि बीते साल हुए निकाय चुनाव में सिंधिया के प्रचार के बावजूद ग्वालियर और मुरैना दोनों जगह भाजपा महापौर चुनाव हार गई थी।

पूर्व सीएम कमलनाथ ने यहां एक जनसभा को भी संबोधित किया। वे जैसे ही मंच पर भाषण देने पहुंचे तो सबसे पहले उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों का अभिवादन करते हुए बुंदेलखंडी में कहा राम-राम पौंचे। इसके बाद उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत की।

कमलनाथ ने भाषण में कहा कि भारत एक ऐसा अनोखा देश है, जिसमें विभिन्न जाति, संप्रदाय और भाषाओं के लोग रहते हैं। आजादी के बाद से कांग्रेस ने देश को एकजुट करने का काम किया, लेकिन भाजपा अब देश को वर्ग, संप्रदाय और जातियों के नाम पर बांटने का काम कर रही है।

भाषण के दौरान कमलनाथ ने कहा कि भाजपा के लोग मुझसे 15 महीने की सरकार का हिसाब मांगते हैं। मैं कहता हूं कि पहले शिवराज सिंह चौहान 18 साल के शासन काल का हिसाब दें। फिर मैं अपने 15 महीने के कार्यकाल का हिसाब दूंगा। शिवराज चाहें तो एक मंच पर खड़े होकर सवाल-जवाब कर सकते हैं।

पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि टीकमगढ़ आकर मुझे दुख होता है। वह इसलिए कि भाजपा के 18 साल के शासनकाल के बाद भी यहां पेयजल और पलायन की समस्या जारी है। टीकमगढ़ जिला आखिर पिछड़ा क्यों है, शिवराज सिंह इसका जवाब दें। 15 महीने के कार्यकाल में मैंने प्रदेश के 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया था। टीकमगढ़ जिले में 59000 किसानों का कर्जा माफ हुआ। पेंशन की राशि दोगुनी की थी। बिजली 100 रुपए 100 प्रति यूनिट की थी। देश के उद्योगपतियों को मध्यप्रदेश में इन्वेस्टमेंट के लिए तैयार किया था।

Share This News :