‘कहते भी थे विदाई नहीं देख पाऊंगा..’:पिता की मौत; चौथे दिन दसवां…तेरहवीं पर उठी बेटी की डोली - विजयवर्गीय ने सपत्नीक कन्यादान किया
मैं तेरी विदाई नहीं देखूंगा, तब घर चला जाऊंगा..! मुझसे नहीं देखा जाएगा..।
यह शब्द थे बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे बिजनेसमैन पिता के और जो हुआ, वो परिवार के लिए वज्रपात जैसा था। बेटी की शादी के 13 दिन पहले ही पिता चल बसे। इंदौर के जिम में उन्हें हार्ट अटैक आ गया और मौत हो गई। परिवार शादी टालना चाहता था लेकिन पिता की आखिरी इच्छा पूरी करने के लिए उसी दिन, उसी मुहूर्त में मौत के 13 दिन बाद बेटी को धूमधाम से विदा कर दिया गया। बस नहीं थे तो वो पिता..। शायद नियति को यही मंजूर था कि वे विदाई ना देखें।
दरअसल, इंदौर में होटल वृंदावन के मालिक प्रदीपसिंह रघुवंशी (55) की 5 जनवरी की सुबह जिम में अटैक आने से मौत हो गई थी। वे जिम जाने से पहले पत्नी को कहकर गए थे कि तैयार रहना, आज सबको बेटी की शादी के इन्विटेशन वाट्सअप करना है। पर किस्मत को यह मंजूर नहीं था।
अब एक तरफ शादी की खुशी, दूसरी तरफ मातम..। यहां एंट्री हुई भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय जो कि प्रदीप के पारिवारिक दोस्त हैं। प्रदीपसिंह का परिवार उन्हें ताऊ कहकर बुलाता है। विजयवर्गीय ने लड़के पक्ष व पंडितों-ब्राह्मणों से राय-मशिवरा कराया और परिवार को समझाया कि प्रदीपसिंह की दिली इच्छा थी कि बेटी की शादी खूब धूमधाम से हो और मैं खुद शादी में पूरे समय रहूं। ऐसे में शादी को टालना या औपचारिकता करना ठीक नहीं रहेगा।
तमाम पंडितों से राय ली गई और लड़का-लड़की दोनों पक्ष सहमत हो गए। इसके बाद मौत के दूसरे दिन 7 जनवरी को उज्जैन, शिप्रा व हरिद्वार में अस्थि विसर्जन (तीसरा) किया गया। 8 जनवरी को दसवां, 9 जनवरी को विधि विधान से रस्में कराई गईं। 10 जनवरी को क्षमायी, छह मासी और बारह मासी की रस्म पूरी करने के साथ रंग डालने की रस्में पूरी की गईं और सूतक खत्म हो गया।
बेटे प्रणीत व साले पंकज शर्मा ने बताया फिर शादी की तैयारियां शुरू हुईं। बरातियों की आवभगत, स्वागत सत्कार कर उन्हें न केवल भोजन परोसा बल्कि विजयवर्गीय ने सपत्नीक कन्यादान भी किया।
गणेशजी को दे चुके थे न्योता, सिलावट और जिराती को भी घर देकर आए थे निमंत्रण पत्र
परिवार के लोगों ने बताया कि मामले में वे गणेशजी को शादी का न्योता दे भी चुके थे। 4 जनवरी की शाम को उन्होंने परिवार के लोगों के साथ मंत्रणा की। इस दौरान वाट्सअप पर निमंत्रण कार्ड भेजने के बारे में सबको काम सौंपे। साथ ही महिला संगीत सहित अलग-अलग प्रोग्राम में कौन-कौन सी पार्टियां, लोग रहेंगे, इसके बारे में बताया। रात 11 बजे वे मंत्री तुलसी सिलावट व प्रदेश पार्टी उपाध्यक्ष जीतू जिराती के घर गए और उन्होंने निमंत्रण दिया। फिर सुबह रोज की तरह जिम गए और उन्हें हार्टअटैक आ गया।