कुश्ती संघ विवाद, खेल मंत्री के घर पहुंचे पहलवान:अनुराग ठाकुर ने डिनर पर बुलाया, कहा- समाधान करेंगे; बृजभूषण बोले- मैं इस्तीफा नहीं दूंगा
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने धरना दे रहे पहलवानों को अपने सरकारी आवास पर डिनर पर बुलाया है। अनुराग ठाकुर ने कहा- खिलाड़ियों से बात करके उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। खेल मंत्री के घर बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट, साक्षी मलिक, रवि दहिया, दीपक पूनिया, बबीता फोगाट समेत कई पहलवान 4 गाड़ियों से पहुंचे हैं। इससे पहले ठाकुर ने चंडीगढ़ में कहा था- खेल मंत्रालय ने WFI को नोटिस भेजकर 72 घंटे में जवाब मांगा है। आगामी शिविर भी तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। मैं दिल्ली जा रहा हूं और पहलवानों से मिलूंगा।
इधर, WFI के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कहा- मैं इस्तीफा नहीं दूंगा। मेरे खिलाफ कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा के इशारे पर राजनीति हो रही है। जो आरोप लगा रहे हैं, उनका करियर खत्म हो गया है। ज्यादातर पहलवान एक ही कम्युनिटी से हैं। पार्टी का जो आदेश मिलेगा, उसी को मानूंगा।
भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जारी देश की महिला पहलवानों के मोर्चे के बाद गुरुवार को मंत्रालय ने पीड़ित खिलाड़ियों को बातचीत के लिए बुलाया और उनसे करीब एक घंटे तक बातचीत की। बातचीत से पहलवान संतुष्ट नहीं हैं। उनकी मांग पहले WFI अध्यक्ष को हटाने की थी, अब वे कुश्ती संघ को भंग कराना चाहते हैं। उन्होंने कहा- मांग पूरी होने तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
इधर, हरियाणा की खाप पंचायतें भी धरने में पहुंच सकती हैं। गुरुवार को फोगाट खाप के आह्वान पर सर्वजातीय सर्व खाप पंचायत हुई। इसमें तय किया गया कि अगर पहलवानों की मांगे न मानी गईं तो दो दिन में खाप पंचायतें धरने में शामिल होंगी।
विनेश फोगाट: हमारा एक-एक दिन कीमती है। बैठक में हमें संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। हमारे जो आरोप हैं, वो सच्चे हैं। हमें मजबूर न किया जाए सबसे सामने आने के लिए। हम अपने सम्मान के लिए लड़ रहे हैं। हम पूरे देश को यह नहीं बताना चाहते कि देश की बेटियों के साथ क्या हुआ है। जिस दिन सारी लड़कियां मीडिया को बताएंगी कि हमारे साथ क्या हुआ, वो कुश्ती का दुर्भाग्य होगा।