नड्डा की सास बोलीं-पीएम मोदी को भी दामाद जी पसंद
दिल्ली में हुई भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी ने बड़ा फैसला लेते हुए अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल अगले एक साल के लिए बढ़ा दिया। नड्डा का कार्यकाल बढ़ने पर जबलपुर स्थित उनके ससुराल में खुशी का माहौल है। जबलपुर की पूर्व सांसद और जेपी नड्डा की सास जयश्री बनर्जी ने अपने दामाद को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे इसी तरह से भाजपा की सेवा करते हुए और ऊंचे मुकाम हासिल करते रहें।
नड्डा को एक साल का विस्तार मोदी-शाह से उनकी करीबियों का नतीजा माना जा रहा है। नड्डा अब जून 2024 तक अध्यक्ष बने रहेंगे। वे लालकृष्ण आडवाणी और अमित शाह के बाद तीसरे ऐसे नेता हैं, जिनका कार्यकाल लगातार दूसरी बार बढ़ाया गया है।
जयश्री ने कहा, मेरा सौभाग्य है कि देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के अध्यक्ष मेरे दामाद हैं। मैंने उनसे बात करने की कोशिश की थी, लेकिन उनके बिजी होने के कारण बात नहीं हो पाई। जगत प्रकाश नड्डा की मेहनत, कार्यक्षमता और अनुशासन जैसी विशेषताओं ने ही उन्हें यह मुकाम दिलवाया है। उनकी कार्यशैली को हर किसी ने देखा और समझा है, इसीलिए पार्टी ने उनका कार्यकाल दोबारा बढ़ाया है।
उनका हमेशा से सोचना रहता है कि कैसे संगठन आगे बढ़े, कैसे हर कार्यकर्ता अपने काम के प्रति सजग रहे। नड्डा जी जब भी किसी कार्यकर्ता से रूबरू होते हैं, तो प्रेम से ही बात करते हैं। यही कारण है कि न सिर्फ परिवार, बल्कि पार्टी का भी हर कार्यकर्ता उनको पसंद करता है। जिस तरह से वे काम कर रहे हैं, मोदी जी भी उनको बहुत पसंद करते हैं।