Home > राज्यो से ,
बोले कमलनाथ झूठ बोलने की मशीन चलाते हैं शिवराज

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ शनिवार को बैतूल जिले की आमला विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने यहां के खेड़ली बाजार गांव में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और अपनी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाया। सभा से पहले कमलनाथ की सुरक्षा में चूक का मामला भी सामने आया, जब एक कार्यकर्ता अचानक उनके वाहन के सामने आ गया।

शिवराज सिंह झूठ की मशीन चलाते हैं: कमलनाथ
सभा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैं तो पूछता हूं शिवराज सिंह जी से, ये जो आप प्रदेश में घोषणा की मशीन चलाते हैं। भाषण की मशीन चलाते हैं। झूठ बोलने की मशीन चलाते हैं। अब जनता समझ रही है। आप जितना भी गुमराह करना चाहो, अब जनता गुमराह होने वाली नहीं है।जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आरोप लगाया कि भाजपा बिखराव की राजनीति करती है। 8 माह बाद चुनाव है जो हमें विकास, बेरोजगारी और किसान के मुद्दे पर लड़ना है। साथ ही हमें संविधान बचाने की भी जरूरत है। आज संविधान बचाना सबसे बड़ी चुनौती है। जाति और धर्म के नाम पर हमें लड़ाया जा रहा है। मध्यप्रदेश में 15 साल के भाजपा शासन के बाद हमारी सरकार बनी थी। शिवराज सिंह ने हमें ऐसा प्रदेश दिया जो बेरोजगारी और अपराध में नंबर एक था। हमने बेरोजगारी को दूर करने का प्रयास किया। 15 माह की सरकार में हमने किसानों का कर्जा माफ किया। 100 रुपए प्रति सौ यूनिट प्रतिमाह बिजली का बिल दिया। साढ़े 11 महीने में गौ शालाओं का निर्माण किया।सभा को कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा, विधायक सुखदेव पांसे, बैतूल विधायक निलय डागा, भैंसदेही विधायक धरमूसिंह सरियाम, घोड़ाडोंगरी विधायक ब्रम्हा भलावी ने भी संबोधित किया।

Share This News :