तो 2023 का चुनाव बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती बन जाएगा
उमा भारती जैसे मूल भाजपाई नेताओं के बयान बता रहे हैं कि 2023 का चुनाव कांग्रेस से बीजेपी में आए नेताओं के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं, कारण?
अव्वल तो उनके लिए मूल भाजपाइयों को नजरअंदाज करके टिकट हांसिल करना मुश्किल है और यदि टिकट मिल भी जाए, तो मूल भाजपाइयों का सहयोग-समर्थन जुटाना मुश्किल है!
कुछ ऐसा ही सियासी नजारा पश्चिम बंगाल में भी था, जब टीएमसी के बहुत सारे नेता बीजेपी में आ गए थे और मूल भाजपाई नजरअंदाज कर दिए गए थे?
एमपी में मोदी टीम के लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती को नजरअंदाज करके कांग्रेस से आए नेताओं को आगे बढ़ाना भारी पड़ सकता है, क्योंकि मध्यप्रदेश, गुजरात नहीं है?
याद रहे, हाल ही मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने एक चर्चित बयान दिया था और वह अपने बयान पर कायम भी हैं!
खबरों की मानें तो इस रविवार को भोपाल के मानस भवन में लोधी समाज के कार्यक्रम में उन्होंने कहा था- चुनाव के समय मेरी फोटो दिखाकर लोधियों के वोट लिए जाते हैं, सभाओं में मैं भाजपा के लिए वोट मांगूंगी, क्योंकि मैं पार्टी की निष्ठावान सिपाही हूं, फिर भी आप अपना हित देखकर वोट देना, क्योंकि आप भाजपा के निष्ठावान सिपाही नहीं हैं?
मजेदार बात यह है कि इस बयान के बाद इस बयान को लेकर उमा भारती ने ट्वीट किए हैं- मैं लोधी समाज के द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में गई, वहां मैंने जो भाषण दिया, उसका एक अंश सोशल मीडिया पर आया और अखबारों में छप रहा है, इसके खंडन की जरूरत नहीं, क्योंकि मैंने ऐसा ही बोला है!
उमा भारती ने लिखा- 2018 के विधानसभा चुनाव में लोधी समाज से कुछ फोन मेरे ऑफिस में आए थे कि दीदी की सभा रद्द कर दीजिए, हम यहां के बीजेपी उम्मीदवार से नाराज हैं, इसी के जवाब में मैंने उस दिन ऐसा बोला है!
उनका तो यह भी कहना है कि यह बात मैंने सार्वजनिक तौर पर पहली बार नहीं बोली, आप याद करिए, जब हम विधानसभा चुनाव हार गए और कांग्रेस का एक समूह हमारे साथ टूटकर आया एवं उसके सहारे हमने सरकार का गठन किया तथा मंत्रिमंडल बना, तब भी मैंने सार्वजनिक तौर पर बयान दिया था कि इस मंत्रिमंडल में जाति एवं क्षेत्र का संतुलन बिगड़ा हुआ है?
जाहिर है, मध्यप्रदेश में जोड़तोड़ की सरकार से मूल भाजपाई खुश नहीं हैं!
भाजपा समर्थकों का यह भी कहना है कि जब मूल भाजपाइयों के दम पर एमपी में कई बार बीजेपी की सरकार बनी, तो बीजेपी का कांग्रेसीकरण करने की क्या जरूरत थी?
सियासी सयानों का मानना है कि यदि मूल भाजपाई, मोदी टीम द्वारा बीजेपी के कांग्रेसीकरण के मुद्दे पर नाराज हो गए, तो 2023 का चुनाव बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती बन जाएगा!