Home > राज्यो से ,
प्रज्ञा ठाकुर पर हो एक्शन- 103 रिटायर्ड अफसरों का लेटर:सांसद बोलीं- मैं परवाह नहीं करती, अफसर अपने गिरेबां में झांकें

रिटायर्ड आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अफसर और भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर आमने-सामने आ गए हैं। देशभर के 103 अफसरों ने 25 दिसंबर 2022 को सांसद द्वारा दिए 'अपने घरों में हथियार रखने के' बयान को लेकर लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखा है। 7 जनवरी को लिखे पत्र में अफसरों ने प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस पर सांसद ने भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि विरोध करने वाले अपने गिरेबां में झांक कर देखें।

पहले जानते हैं कि क्या कहा था प्रज्ञा सिंह ने

25 दिसंबर को कर्नाटक के शिवमोगा में भोपाल सांसद ने कहा था- अपने घरों में हथियार रखो। 'कुछ नहीं तो कम से कम सब्जियां काटने के लिए चाकू तेज रखो। पता नहीं क्या स्थिति पैदा हो जाए। अगर कोई हमारे घर में घुसपैठ करता है और हम पर हमला करता है, तो मुंहतोड़ जवाब देना हमारा अधिकार है।' प्रज्ञा ने लव जिहाद पर कहा- 'उनके पास जिहाद की परंपरा है, अगर कुछ नहीं है, तो वे लव जिहाद करते हैं। अगर वे प्यार भी करते हैं, तो उसमें भी जिहाद करते हैं। हम भी प्यार करते हैं, भगवान से प्यार करते हैं, एक संन्यासी अपने भगवान से प्यार करता है।'

दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल समेत 103 अफसरों ने लिखा सामूहिक लेटर
देशभर के 103 रिटायर्ड अफसरों ने प्रज्ञा सिंह ठाकुर के इस बयान को भड़काऊ भाषण बताया है। अफसरों का कहना है कि कर्नाटक में दिया गया भाषण ‘गैर-हिंदू समुदायों के खिलाफ नफरत फैलाने’ वाला है। इसे लेकर अफसरों ने लोकसभा स्पीकर को खुला खत लिखा। इसमें लिखा है कि ठाकुर ने ‘भड़काऊ भाषण देने और नफरत फैलाने’ के चलते संसद सदस्य होने का नैतिक अधिकार खो दिया है।

पत्र लिखने वालों में दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग समेत मप्र कैडर के पूर्व IAS शरद बैहर (पूर्व मुख्य सचिव मप्र), हर्ष मंदर, पूर्व ACS प्रवेश वर्मा, रश्मि शुक्ला शर्मा, एके श्रीवास्तव, पूर्व विदेश सचिव शिवशंकर मेनन, भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी ए.एस. दुलत, जूलियो रिबेरो और अमिताभ माथुर तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पूर्व अधिकारी टी.के.ए. नायर और के. सुजाता राव भी शामिल हैं।

प्रज्ञा बोलीं- रिटायर्ड अफसरों को क्या जरूरत पड़ गई

बुधवार को भोपाल में प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने इस पर पलटवार किया। अपने निवास पर आयोजित कार्यक्रम में कहा- मैं संविधान और कानून का पालन करती हूं। जो रिटायर्ड हैं, उनको क्या जरूरत पड़ गई। वो तो बहुत कुछ जानते हैं। वर्तमान के किसी ने तो शिकायत नहीं की। क्या सिर्फ वही कानून जानते हैं। जो वर्तमान में सर्विस में हैं, वो कानून में हैं, वो क्या कानून नहीं जानते? करें शिकायत। जनता को भी पता होगा कि क्या अच्छा है, क्या अच्छा है, क्या बुरा है। क्या कानूनी और क्या गैरकानूनी है। देश में तमाम विचारधाराओं के लोग रहते हैं, यदि मैंने महिलाओं, लड़कियों की सुरक्षा के लिए उनके अधिकारों को याद दिलाया, तो उनको तकलीफ नहीं होनी चाहिए।

विरोध करने वाले गिरेबां में झांकें
सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने कहा- मेरी सदस्यता चली जाए, तो वो खुश हो जाएंगे। सदस्यता रहे या ना रहे, मैं परवाह नहीं करती। मेरा विरोध करने वाले अपनी गिरेबां में झांक कर देखें। हम स्वाभिमान महिलाओं की मर्यादा सम्मान के लिए खड़ी हूं और खड़ी रहूंगी। ऐसे लोगों की मुझे परवाह नहीं है। मैं पहले नेता नहीं थी, आज नेता हूं, लेकिन में पहले भी महिलाओं के अधिकार और अच्छे समाज के निर्माण के लिए तब भी खड़ी थी और अब भी खड़ी हूं।

सांसद का भी ये अधिकार होता है कि जहां विषम परिस्थितियां हैं, वहां ठीक से काम करें। वो हम कर रहे हैं, ये आगे भी करते रहेंगे। हम गैरकानूनी काम नहीं करेंगे। हम संविधान का अपमान नहीं करेंगे, ये हमारा संकल्प है। इसके खिलाफ किसी को बोलना है, तो असंवैधानिक वो हैं न कि हम। आप समझ सकते हैं कि यदि मैं गैरकानूनी करती, तो हमारे पास तो कितने दुश्मन खड़े हैं। वो दुश्मन इसलिए बौखला गए हैं, क्योंकि ठिकाने पर चोट लगी है।

 

Share This News :