Home > राज्यो से ,
परीक्षा देने गई छात्रा का अपहरण

भिंड .मालनपुर पुलिस ने किशोरी का अपहरण करने वाले आरोपितों को ग्वालियर-इटावा नेशनल हाइवे स्थित लक्ष्मणगढ़ गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपित नाबालिग होने के कारण बाल न्यायालय में पेश किया गया। जबकि दो आरोपितों को गोहद जेल भेज दिया गया है।

मालनपुर टीआइ विनोद विनायक करकरे ने बताया कि सात जनवरी की सुबह नौ बजे सब्जी मंडी के पीछे रहने वाली किशोरी समता नगर स्थित सरकारी कन्या स्कूल में 11वीं की परीक्षा देने के लिए गई थी। इसी दौरान अंशुल गुर्जर पुत्र नेकराम सिंह गुर्जर अपने दोस्त ओमकार जाट निवासी ऐंचाया गोहद और महावीर गौड़ के साथ बोलेरो से आया और किशोरी का अपहरण कर अपने साथ ले गए।

टीआइ के मुताबिक कुछ दूर जाने के बाद आरोपित किशोरी को बोलेरो से उतारकर बाइक से धौलपुर ले गए। इधर स्वजनों की शिकायत के बाद पुलिस अलर्ट हो गई। मोबाइल लोकेशन लेकर दो टीम बनाकर रवाना कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपित धौलपुर के बाद अलीगढ़ गए वहां से वापस आगरा आए। चूंकि पुलिस की टीम पीछे लगे थी, इसलिए आरोपित दबाव में आकर वापस मालनपुर आ रहे थे।

पुलिस ने ग्वालियर-इटावा नेशनल हाइवे 719 स्थित लक्ष्‌मणगढ़ गगांव के पास घेराबंदी कर किशोरी सहित आरोपितों को पकड़ लिया। टीआइ के मुताबिक मुख्य आरोपित अंशुल नाबालिग होने के कारण उसे बाल न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल निकेतन भेज दिया।

जबकि ओमकार जाट और महावीर गौड़ को गोहद न्यायालय में पेश किया। न्यायाधीश ने दोनों आरोपितों को गोहद जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में टीआइ करकरे के अलावा एएसआइ नारायण सिंह धारिया, प्रधान आरक्षक राघवेंद्र शुक्ला, आरक्षक पंकज सिंह तोमर, मंगल सिंह गुर्जर की विशेष भूमिका रही।

Share This News :