उमा ने थपथपाई भाजपा से निष्काषित नेता प्रीतम की पीठ
मध्यप्रदेश में नशाबंदी और शराबबंदी की मांग को लेकर मुखर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने रविवार को अपने रिश्तेदार और बीजेपी से निष्कासित नेता प्रीतम सिंह लोधी से मुलाकात की। वे प्रीतम सिंह के घर पहुंची थीं, वहां उन्होंने चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रीतम लोधी ने असंयत भाषा का प्रयोग किया था, जिसके लिए इन्होंने पार्टी से माफी मांग ली। अब इन्हें माफी नहीं देना अपराध है। माफ नहीं किया तो ये भारी भूल है। उमा भारती ने प्रीतम सिंह लोधी को आशीर्वाद देते हुए कहा कि गरीबों और पिछड़ों की आवाज बने रहना।
दरअसल भाजपा की वरिष्ठ नेता व पूर्व सीएम साध्वी उमा भारती रविवार को ग्वालियर दौरे पर थीं। इस दौरान वे प्रीतम लोधी के घर जलालपुर भी गईं। यहां उन्होंने गांव के लोगों, महिलाओं से चौपाल लगाकर बात की। इस दौरान उमा ने प्रीतम लोधी और उनकी पत्नी को पास बुलाया। दोनों को अपने साथ बैठा लिया।
उमा ने कहा कि भाजपा से निष्कासित होने के बाद प्रीतम पहले से कई गुना लोकप्रिय हो गए हैं। उन्होंने कहा कि वह प्रीतम काे आज से नहीं, बल्कि उस समय से जानती हैं, जब 1989 में वह मेरे लिए चुनाव प्रचार करने आए थे। उन्होंने मेरे चुनाव प्रचार की कमान संभाली थी। मेरे लिए कई बार उसने जिंदगी दांव पर लगाई है।
प्रीतम ने माफी मांगकर फर्ज निभाया: उमा
उमा भारती ने कहा कि - ये मतभेद तुम्हारी असंयत भाषा से हो गया। इसको तुमने माफी मांगकर ठीक कर लिया। माफी नहीं देना ही अब अपराध है। माफी मांगकर इसने अपना धर्म पूरा कर लिया। हाथ जोड़कर माफी मांगी। पांव पकड़कर माफी मांगी। अब अगर माफी नहीं दी गई तो ये बड़ी भारी भूल है। इसके बाद भी माफ नहीं करोगे तो आप चाहते है कि लोग गलतियां करते ही रहे। अगर लोग उनकी गलतियों का प्रायश्चित करते हैं तो उनको पूर्ण सरंक्षण प्राप्त होना चाहिए। इसलिए मैं प्रीतम को पूरी तरह से आशीर्वाद देने आई हूं। गरीबों और शोषितों की हमेशा आवाज बने रहना। हमेशा उनके साथ खड़े रहना।